मुंबई, महाराष्ट्र में लगातार स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. खासकर राज्यभर में बारिश हो रही है, लेकिन स्वाइन फ्लू के मामले अब भी सामने आ रहे हैं. जानकारी के अनुसार, जनवरी से लेकर अब तक महाराष्ट्र में स्वाइन फ्लू के 1772 मरीज सामने आ चुके हैं. वहीं, इस बीमारी से 191 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं मुंबई में फिर एक मरीज की मौत होने की खबर है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गोवंडी की एक 26 वर्षीय महिला को केईएम अस्पताल में भर्ती किया गया था, जहां रविवार को उसकी मौत हो गई. अस्पताल से जुड़े एक डॉक्टर के मुताबिक स्वाइन फ्लू के साथ मरीज को मधुमेह की भी शिकायत थी. मनपा के स्वास्थ्य विभाग की कार्यकारी अधिकारी डॉ. पद्मजा केसकर ने कहा कि मरीज की मौत स्वाइन फ्लू से हुई है या नहीं, इसकी जांच ‘डेथ कमिटी’ की बैठक में की जाएगी. उधर राज्य के स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, स्वाइन फ्लू बीमारी की संभावना को देखते हुए राज्यभर में 10 लाख से अधिक लोगों की जांच की जा चुकी है. बीमारी के लक्षण दिखने के बाद 22 हजार लोगों को दवा भी दी गई है. 1772 मरीजों में से 71 लोगों का अब भी इलाज चल रहा है, जबकि 1510 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई. इस बीमारी से सबसे अधिक मौतें नासिक में हुई हैं.
महाराष्ट्र में बढ़ता जा रहा स्वाइन फ्लू का असर, अब तक 191 लोगों ने गंवाई जान