सेरेना, हालेप और स्वितलोना विम्बलडन टेनिस के सेमीफाइनल में पहुंची

लंदन,अमेरिका की अनुभवी खिलाड़ी सेरेना विलियम्स,रोमानिया की शिमोना हालेप और यूक्रेन की इलिना स्वितलोना ने विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया है। सेरेना ने तीन सेट तक चले कड़े मुकाबले में अपने ही देश की एलिसन रिस्के को 6-4, 4-6, 6-3 से हराकर 12वीं बार सेमीफाइनल में जगह बनाई। 37 साल की सेरेना हालांकि आखिर में विंबलडन में अपनी 97वीं जीत दर्ज करने में सफल रहीं। सेरेना के लिए क्वॉर्टर फाइनल की जीत आसान नहीं रही। रिस्के ने तीसरे सेट में आठवें गेम में चौथे ब्रेक पॉइंट पर डबल फॉल्ट किया। इसके बाद सेरेना ने अपनी सर्विस पर मैच जीता। पहले सेट में सेरेना ने दो अवसरों पर अपनी सर्विस गंवाई लेकिन उन्होंने सही समय पर वापसी की और रिस्के की सर्विस तोड़कर यह सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में हालांकि रिस्के ने 9वें गेम में ब्रेक अंक लेकर 5-4 से बढ़त हासिल की और फिर अपनी सर्विस पर यह सेट जीतकर मैच को तीसरे और निर्णायक सेट तक खींचा। सेरेना सेमीफाइनल में चेक गणराज्य की बारबोरा स्ट्रीकोवा से खेलेंगी जिन्होंने फ्रेंच ओपन की फाइनलिस्ट ब्रिटिश खिलाड़ी योहाना कोंता को 7-6, 6-1 से पराजित किया। वहीं एक अन्य क्वार्टर फाइनल में जीत के साथ ही स्वितलोना ने पहली बार इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाई है। उन्होंने चेक गणराज्य की गैरवरीयता प्राप्त कारोलिना को 7-5, 6-4 से हराया। स्वितलोना का अब सेमीफाइनल में रोमानिया की हालेप से मुकाबला होगा। हालेप ने चीन की झांग शुहाई को 7-6 (7/4), 6-1 से हराकर दूसरी बार विंबलडन सेमीफाइनल में प्रवेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *