बाराबंकी,मोहम्मदपुर खाला थानाक्षेत्र के सूरतगंज कस्बे में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में सीतापुर जिले के दो पेशेवर बदमाश ढेर हो गए। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ में पुलिस के एक निरीक्षक और एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार दोनों अपराधी गुरूवार एक बाइक चोरी करके भागे थे और बैंक लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने वाले थे। परंतु वह इससे पहले ही पुलिस मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि जिला सीतापुर के दो पेशेवर अपराधी जुबेर और लोमस थाना रामनगर में एक बाइक लूट कर भागे हैं। बाइक से जा रहे दोनों बदमाशों को जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उन्होंने पुलिस दल पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में दोनों अपराधी गम्भीर रूप से घायल हो गए और जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि इस मुठभेड़ में निरीक्षक बड्डूपुर सुमित श्रीवास्तव के साथ इसी थाने में तैनात कांस्टेबल शमसुल हसन को भी गोली लग गयी और दोनों पुलिसकर्मियों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मारे गए दोनों अपराधियों पर तीन- तीन दर्जन से अधिक आपराधिक अभियोग दर्ज थे।
सूरतगंज कस्बे में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो बदमाश मारे गए