जलसंकट से परेशान हिसार के तीन गांव के लोग राज्य से ‎रिश्ता तोड़ राजस्थान में शामिल होना चाह रहे

हिसार,जल संकट का सामना कर रहे हरियाणा के हिसार जिले के तीन गांवों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पानी की किल्लत से प्रभावित गांवों के लोग तो अब राज्य से अपना रिश्ता तोड़ने तक को तैयार हैं। गांव के लोग पड़ोसी सूबे राजस्थान में विलय के लिए। इसके लिए गांववासियों ने सरकार के सामने याचिका दाखिल करने का फैसला किया है। हिसार के कपारो, बसारा और बालावास गांवों के लोग लंबे समय से पीने के पानी की समस्या का निपटारा करने के लिए गुहार लगाते-लगाते थक चुके हैं। उनकी मांग की या तो अधिकारियों ने अनदेखी कर दी या फिर उनसे झूठे वादे किए गए।
बसारा गांव के लोगों का कहना है कि वे चाहते हैं कि उनका गांव राजस्थान में शामिल कर लिया जाए, क्योंकि वे हरियाणा सरकार से राहत की सारी उम्मीदें छोड़ चुके हैं। यह गांव राजस्थान की सीमा से लगा हुआ है।ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव में मतदान का बॉयकॉट किया था और अब गांववालों ने विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की भी धमकी दी है। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि हाल ही में कपारो गांव के लोगों ने पंचायत की निर्वाचित महिला सदस्य राजबाला पर हमला किया था।
सरपंच शैलेंद्र का कहना है कि 1971 से ही गांव में पानी सप्लाइ की व्यवस्था सुचारु नहीं हो पाई है। तब से अब तक गांव की आबादी भी कई गुना बढ़ चुकी है और गांव में पर्याप्त पानी नहीं है। सरपंच का कहना है कि सीएम मनोहर लाल खट्टर ने 2017 में ही गांव के लिए जल परियोजना का ऐलान किया था लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। गांव के भगत राम का कहना है, हाल ही में हमारे गांव ने फैसला किया है कि हम राजस्थान के मुख्यमंत्री से गुजारिश करेंगे कि या तो हमारे गांव को गोद ले लें या इसका अपने राज्य में विलय कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *