मैनचेस्टर, टीम इंडिया के कलाई के स्पिनर युजवेंद्र चहल ने कहा है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले के लिए भारतीय टीम तैयार है। चहल ने कहा कि उनकी टीम ने इस मैच में आंद्रे रसेल समेत कैरेबियाई बल्लेबाजों के लिए रणनीति बनायी है। चहल ने कहा, ‘रसेल आक्रामक बल्लेबाज हैं लेकिन हमने उन्हें आईपीएल के दौरान काफी गेंदबाजी की है।’ साथही कहा कि अपने देश के लिए खेलना और आईपीएल में बल्लेबाजी करना अलग होता है। इसलिए इसमें मैच जीतने का दबाव रसेल सहित सभी इंडीज बल्लेबाजों पर भी उतना ही होगा, जितना हम पर है। वे जीत के लिए बेचैन हैं और फॉर्म वापिस पाने की कोशिश में लगे हैं जबकि हमारी टीम फार्म में है।
रसेल चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछला मैच नहीं खेल पाये थे। चहल ने कहा, ‘रसेल चार बल्लेबाजों के आउट होने के बाद आते हैं और उन्हें भी पता है कि ऐसे हालात में कैसे खेलना है। हम भी मैच के मुताबिक रणनीति बनाएंगे।’ अफगानिस्तान के खिलाफ कम स्कोर वाले मैच में भारतीय गेंदबाजों ने अपनी उपयोगिता साबित की। चहल ने कहा, ‘हमने अफगानिस्तान के खिलाफ 230 से कम रन बनाए थे जिसके नकारात्मक और सकारात्मक दोनों पहलू हैं। इस तरह के मैच जीतने पर हौसला मिलता है कि हम कम स्कोर वाले मैच भी जीत सकते हैं।’
वेस्टइंडीज से मुकाबले के लिए तैयार टीम इंडिया, रसेल सहित अन्य बल्लेबाजों के लिए रणनीति बनी