विश्व कप में बड़ा उलटफेर बांग्लादेश ने विश्व की नंबर 3 टीम दक्षिण अफ्रीका को 21 रन से हराया

लंदन,ओवल के मैदान पर खेले गए विश्व कप के एक महत्वपूर्ण मैच में बांग्लादेश ने भारी उलटफेर करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 21 रन से पराजित कर दिया। बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और 50 ओवर में 330 रन ठोंक डाले। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम निर्धारित 50 ओवर में 309 रन ही बना सकी।
दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 331 रन की आवश्यकता थी किंतु बांग्लादेश के गेंदबाजों ने रन गति को रोक दिया और दक्षिण अफ्रीका को कभी भी 6 के रन रेट पर नहीं पहुंचने दिया। दक्षिण अफ्रीका के ओपनर क्विंटन डे कॉक और ऐडेन मारक्रम ने पहले विकेट के लिए 49 रन जोड़े। दसवें ओवर में क्विंटन डी कॉक को मुशफिकुर रहमान ने रन आउट कर दिया। डिकॉक ने 32 गेंदों में 23 रन बनाए ।इसके बाद दक्षिण अफ्रीका ने संभलकर खेलना शुरू किया और स्कोर 102 रन तक ले गए इस स्कोर पर ऐडेन मारक्रम को शाकिब अल हसन ने बोल्ड कर दिया।मारक्रम ने 56 गेंदों में 45 रन बनाए। डुप्लेसी और मिलर ने पारी संभालने की कोशिश की लेकिन डुप्लेसी को मेहंदी हसन ने बोल्ड कर दिया। डू प्लेसी ने तेजी से 62 रन जोड़े जिसमें 5 चौके और एक छक्का शामिल था। उस समय 26।4 ओवर में 147 रन ही बन पाए थे।
इसके बाद मिलर और रैसी वैन डर डुसेन ने पारी संभालने की कोशिश की लेकिन मिलर को मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर मेहंदी हसन ने कैच कर लिया। मिलर ने 43 गेंदों में 38 रन जोड़े। डुसेन और डुमिनी की जोड़ी ने तेज खेलने की कोशिश की और दोनों ने मैदान में चारों तरफ शॉट लगाए लेकिन डुसेन को 41 रन के स्कोर पर मोहम्मद सैफुद्दीन ने बोल्ड कर दिया। डुसेन ने 38 गेंद में 2 चौके और एक छक्के की सहायता से 41 रन बनाए। डुमिनी ने भी 37 गेंदों में चार चौके मारते हुए 45 रन का योगदान दिया। उन्हें मुस्तफिजुर रहमान ने बोल्ड कर दिया। बाकी बल्लेबाजी कोई कमाल नहीं दिखा पाए। साउथ अफ्रीका की टीम निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 309 रन ही बना पाई और 21 रन से मैच हार गई।
इससे पहले शाकिब अल हसन (75) और विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम (78) की शानदार पारी की बदौलत बांग्लादेश ने दक्षिण अफ्रीका को 331 रनों का लक्ष्य दिया। दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतने के बाद बाग्लादेश को बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की ओपनिंग जोड़ी ने टीम को अच्छी शुरुआत दी जिस कारण टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 50 ओवर खेलते हुए 330 रनों का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही।
बांग्लादेश की ओर से पहले बल्लेबाजी करने ओपनिंग जोड़ी के रूप में तमीम इकबाल और सौम्या सरकार मैदान में उतरे और इन्होंने 60 रनों की शानदार पार्टनरशिप की। लेकिन 8.2 ओवर में एन्डिले फेहलुकवेओ की गेंद पर इकबाल क्विंटन डी कॉक के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 29 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 16 रन बनाए। सरकार की बल्लेबाजी को देखकर लग रहा था कि वह अर्धशतक पूरा करेंगे लेकिन 11.4 ओवर में क्रिस मॉरिस ने उन्हें डी कॉक के हाथों कैच कराकर उन्हें पवेलियन का रास्ता दिखाया। उन्होंने 30 गेंदों पर 9 चौकों की मदद से 42 रन ही बनाऍं। तीसरे विकेट के लिए दक्षिण अफ्रीका को लम्बा इंतजार करना पड़ा और 35.1 ओवर में इमरान ताहिर ने टीम को सफलता दिलाई। शाकिब अल हसन एक छक्का और 8 चौकों की मदद से 84 गेंदों पर 75 रनों की पारी खेलने के बाद ताहिर की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद ताहिर ने 39.4 ओवर में मोहम्मद मिथुन को बोल्ड करते हुए अपना दूसरा विकेट झटका। मिथुन एक छक्के और 2 चौकों की मदद से 21 गेंदों पर 21 रन बनाकर वापस लौटे। मिथुन के बाद टीम बांग्लादेश को पांचवा झटका 42.1 ओवर में मुश्फिकुर रहीम के रूप में उस वक्त लगा जब फेहलुकवेओ ने डूसन के हाथों उन्हें कैच आउट करवा दिया। वह 80 गेंदों पर 8 चौकों की मदद से 78 रन बनाकर पवेलियन को रवाना हुए। मोसद्देक हुसैन 49वें ओवर की आखिरी गेंद पर फेहलुकवेओ के हाथों कैच आउट हो गए, इस दौरान क्रिस मोरिस गेंदबाजी कर रहे थे। हुसैन 20 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 26 रन बनाकर वापस लौटे। अंत में महमूदुल्लाह और मेहदी हसन क्रमशः 46 तथा 5 रन बनाकर नाबाद वापस लौटे। दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों की बात करें तो एंडिले फेहलुकवेओ (52), क्रिस मॉरिस (73) और इमरान ताहिर (57) ने 2-2 विकेट उड़ाए। लुंगी नगीदी ने 34, कगिसो रबाडा ने 57, एडेन मार्कराम ने 38 और जीन-पॉल डुमिनी ने 10 रन दिए, लेकिन विकेट हासिल करने में सफल नहीं हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *