अभ्यास सत्र के दौरान विराट के अंगूठे में लगी चोट

लंदन, टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली को अभ्यास सत्र के दौरान अंगूठे में चोट लग गयी है। आईसीसी विश्व कप क्रिकेट में पांच जून को दक्षिण अफ्रीका के साथ होने वाले होने वाले इस मुकाबले से पहले ही विराट के चोटिल होने से टीम इंडिया की परेशानियां बढ़ सकती हैं। अभ्यास सत्र के दौरान टीम के फीजियो पैट्रिक फहर्ट कप्तान कोहली के अंगूठे पर पट्टी बांधते दिखे हैं। जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
पैट्रिक ने सबसे पहले तो उनके अंगूठे पर दर्द निवारक स्प्रे किया और उसपर टेप लगा दिया। इस दौरान वह बर्फ से अंगूठे की सिकाई करते नजर आए। मैदान से बाहर जाते वक्त उनके हाथ में एक गिलास था, जिसमें बर्फ से भरा पानी था। इसमें विराट ने अपनी चोटिल उंगली डुबा रखी थी। विराट की चोट को लेकर भारतीय टीम प्रबंधन ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। इससे उबरने के लिए विराट के पास अभी दो दिन का समय है। उनकी और टीम के मेडिकल स्टाफ की पूरी कोशिश होगी कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले विराट की चोट ठीक हो जाए।
वहीं अगर विराट की चोट ठीक नहीं होती है तो टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है। विराट टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज हैं। उनके नहीं होने पर ओपनर रोहित शर्मा और शिखर धवन पर अतिरिक्त दबाव आ सकता है। इसके अलावा विरोधी टीम के गेंदबाजों का भी हौंसला बढ़ जाएगा। इससे पहले टीम इंडिया के ऑलराउंडर विजय शंकर और केदार जाधव भी चोटों से परेशान थे हालांकि अब ये दोनो ही फिट हो गये हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *