कोलकाता, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि भाजपा एक धार्मिक नारे का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। ममता ने कहा कि हर पार्टी का अपना स्लोगन होता है जिसका वह सम्मान करती हैं लेकिन भाजपा ‘जय श्रीराम’ को गलत तरीके से अपनी पार्टी का स्लोगन बनाने में लगी है।
फेसबुक पर एक पोस्ट में ममता बनर्जी ने लिखा है कि मीडिया के एक हिस्से की मदद से भाजपा के कार्यकर्ता नफरत बढ़ाने वाली विचारधारा फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये लोग फेक विडियो, फेक न्यूज, गलत सूचनाओं और गलत प्रचार की मदद से सच को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। बनर्जी ने कहा, ‘उन्हें किसी भी पॉलिटिकल पार्टी के स्लोगन से कोई दिक्कत नहीं है। हर पार्टी का अपना स्लोगन होता है। जैसे- मेरी पार्टी का जय हिंद-वंदे मातरम है। लेफ्ट पार्टी का स्लोगन ‘इंकलाब जिंदाबाद’ है। हम सबकी इज्जत करते हैं।’
बनर्जी ने आगे कहा कि ‘जय सियाराम’, ‘जय रामजी की’, ‘राम नाम सत्य है’ जैसे स्लोगन धार्मिक और सामाजिक मतलब रखते हैं लेकिन भाजपा इन्हें अपनी पार्टी के स्लोगन की तरह इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी धर्म को राजनीति के साथ मिलाने की कोशिश कर रही है, इसे बंगाल कभी स्वीकार नहीं कर सकता। उन्होंने आगे कहा कि यह तोड़-फोड़ और हिंसक तरीके से नफरत की विचारधारा को जान-बूझकर बेचने की कोशिश है जिसका हम जरूर विरोध करेंगे।
मुझे ‘जय श्रीराम’ से ऐतराज नहीं, भाजपा एक धार्मिक नारे को स्लोगन बना रही