दिव्या स्पंदन की कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी पद से छुट्टी के कयास

नई दिल्ली, कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रभारी दिव्या स्पंदन के सभी ट्वीट डिलीट कर दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर से उनके कांग्रेस सोशल मीडिया प्रभारी होने का परिचय भी हटा लिया गया है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि दिव्या स्पंदन ने शायद अपना पद छोड़ दिया है या फिर उन्हें पार्टी ने हटा दिया है। हालांकि, कांग्रेस संगठन या खुद दिव्या ने इसकी पुष्टि नहीं की है। काफी समय से ऐसी खबरें चल रही हैं कि सोशल मीडिया प्रभारी के पद से दिव्या की छुट्टी हो गई है। दिव्या ने इस सवाल के जवाब में सिर्फ यही कहा कि इस तरह की खबरें देनेवाले सूत्र गलत हैं। कांग्रेस की मीडिया विंग की तरफ से भी ऐसी कोई औपचारिक सूचना जारी नहीं की गई है।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की फैन फॉलोइंग बढ़ने का श्रेय दिव्या को ही दिया जाता है। हालांकि, लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस में बड़े बदलाव के संकेत पहले ही दिए जा चुके हैं। इससे पहले लोकसभा चुनाव से ठीक पहले प्रियंका चतुर्वेदी ने भी कांग्रेस पार्टी छोड़कर शिवसेना का दामन थाम लिया था। चतुर्वेदी ने पहले अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल से कांग्रेस प्रवक्ता का परिचय हटाया था और फिर सार्वजनिक तौर पर फैसले का ऐलान किया। लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस ने सभी प्रवक्ताओं के टीवी डिबेट में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी है। यह रोक अगले एक महीने के लिए है। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि आनेवाले समय में पार्टी और संगठन के स्तर पर कई बड़े बदलाव हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *