अमेठी, अमेठी में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात भाजपा कार्यकर्ता और नवनिर्वाचित सांसद स्मृति ईरानी के करीबी पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने सात संदिग्ध लोगों की गिरफ्तारी कर पूछताछ शुरू कर दी है। सुरेंद्र सिंह ने हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी को जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
इधर,उत्तरप्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने बताया है कि इस मामले में सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने दावा किया पुलिस 12 घंटे में केस को सुलझा लेगी। घटनास्थल पर प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं। उल्लेखनीय है कि बरौलिया वही गांव है, जिसे रक्षा मंत्री रहते हुए मनोहर पर्रिकर ने गोद लिया था। अमेठी पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने सुरेंद्र सिंह की रात तीन बजे उस समय गोली मार कर हत्या कर दी, जब वह अपने घर के बाहर सो रहे थे। सुरेंद्र सिंह के बेटे ने हत्या की वजह चुनावी रंजिश बताई है। बरौलिया गांव जामो पुलिस थाना क्षेत्र में आता है,जहां बदमाश पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह की हत्या के बाद बदमाश फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र सिंह को इलाज के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था, रास्ते में उनकी मौत हो गई। अमेठी के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरेंद्र सिंह को देर रात करीब 3 बजे गोली मारी गई। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक अनुमानों के अनुसार राजनीतिक या किसी पुरानी रंजिश की वजह से सुरेंद्र की हत्या की गई है।
स्मृति के करीबी सुरेंद्र की हत्या के सात संदिग्ध गिरफ्तार, जल्द खुलासे का आसार