बारात से गायब हुई ढाई साल की मासूम बच्ची साढ़े आठ घंटे बाद मिली

जबलपुर, पाटन थाने के नुनसर गांव में शादी समारोह से गायब हुई ढाई साल की बच्ची सुरक्षित मिल गई है। परिजनों सहित पुलिस ने भी राहत की सांस ली है। दरअसल बच्ची के गायब होने के बाद से ही परिजन और पुलिस उसकी तलाश कर रहे थे। अनहोनी की आशंका के चलते परिजन घबराए हुए थे। बच्ची के गायब होने की सूचना रात करीब 1 बजे डायल-100 पर दी गई थी। जिसके बाद आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया। बच्ची की तलाश में चार थानों की पुलिस लगाई गई। साढ़े आठ घंटे बाद बच्ची सही सलामत आधा किमी दूर कटीले तारों के पास रोती हुई मिली।
शादी में शामिल होने आया था परिवार
पाटन टीआई शिवराज सिंह ने बताया कि बेनीखेड़ा भेड़ाघाट निवासी अनिल अहिरवार सपरिवार शुक्रवार को नुनसर स्थित रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में आया था। अनिल की ढाई साल की बच्ची अपने दादा के साथ खेल रही थी। दादा कुछ काम के लिए जाने लगे तो उन्होंने बहू से बच्ची को देखने को कहा। चूंकि बच्ची अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी तो मां भी अपने अन्य कार्यों में लग गई।
ऐसे चला गायब होने का पता
रात करीब 11.30 बजे जब बच्ची नहीं दिखी तो परिजन यहां वहां तलाशने लगे। इसके बाद भी जब उन्हें बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला तो घर-परिवार व रिश्तेदारों के साथ बाराती भी बच्ची की तलाश में जुट गए। अनहोनी की आशंका से परिजन हलाकान थे। चारों तरफ तलाश लेने के बाद रात एक बजे पिता अनिल ने डायल- 100 पर घटना की सूचना दी।
शादी में पहुंची पुलिस
बच्ची के गायब होने की जानकारी लगते ही एसडीओपी पाटन एसनएन पाठक, सहित पाटन थाने का अमला पहुंचा। घरवालों के साथ पुलिस भी बच्ची की तलाश में जुट गयी। बेलखेड़ा, भेड़ाघाट व आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया। एसपी निमिष अग्रवाल व एएसपी रायसिंह नरवरिया भी तत्काल मौके पर पहुंचे। पूरी रात मासूम की तलाश में लोग और पुलिस बल जुटा रहा। सुबह ६ बजे आधा किमी दूर कटीले तारों के पास मासूम रोती हुई मिली। पुलिस ने बच्ची को उसके माता-पिता के सुपुर्द किया।
जांच कर रही पुलिस
पाटन पुलिस इस प्रकरण में अपहरण का मामला दर्ज करते हुए शादी कार्यक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग खंगालने में जुटी है। पुलिस सहित घरवालों का कहना है कि खुद से बच्ची इतनी दूर नहीं जा सकती है। कोई उसे यहां से लेकर गया है। एएसपी रायसिंह नरवरिया ने बताया कि बच्ची सही-सलामत है। उसको किसी तरह की हानि नहीं पहुंची है। मामला गंभीर है, जांच में पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *