बैतूल, जिले के नवोदय विद्यालय से अपने बच्चों से मिलकर लौट रहे अभिभावकों की कार को एक ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। इससे पांच लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सोमवार दोपहर को बैतूल-नागपुर हाइवे पर सापना जलाशय के पास की है।
जानकारी के अनुसार, सापना जलाशय के पास मनानढाना गांव के पास हादसा हुआ। बोलेरो में 7 लोग सवार थे तभी ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पिचका गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों में ग्राम पंचायत के सरपंच चरण धुर्वे, उनका बेटा आयुष, मनीराम उइके, दिलीप, रेखा पति सुखलाल शामिल हैं। बोलेरो में घोड़ाडोंगरी के पास फुलगोहान गांव के रहने वाले सदस्य थे। वे नवोदय विद्यालय प्रभात पट्टन में शिक्षारत अपने बच्चों से मिलकर लौट रहे थे। अभिभावकों को अपने बच्चों के 11वीं कक्षा में विषय चयन पर चर्चा के लिए बुलाया गया था।
सापना जलाशय के पास मनानढाना गांव के पास भीषण सड़क हादसा, बच्चों से मिलकर लौट रहे पांच परिजनों की मौत