सुरक्षा, तरक्की और नेतृत्व तीनों का प्रतीक हैं मोदी – जावड़ेकर

भोपाल, भाजपा आतंकवाद को मजहब के आधार पर नहीं देखती, हम आतंकवाद को आतंकवाद के नजरिए से देखते हैं। मजहब का रंग देने का पाप कांग्रेस और दिग्विजय सिंह ने किया है। इसका हिसाब भोपाल के चुनाव में होगा। मजहबी आतंक के समर्थकों को देश और भोपाल की जनता माफ नहीं करेगी।
यह बात केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। जावड़ेकर ने कहा कि हिन्दू आतंकवाद या भगवा आतंकवाद की कल्पना कांग्रेस और दिग्विजय सिंह का पाप है। इस पास से उन्हें मुक्ति नहीं मिलेगी। जब वह हारेंगे तब एक सबक उन्हें मिलेगा। जावड़ेकर ने बताया कि एक किताब के विमोचन में दिग्विजय सिंह गए थे, इस पुस्तक का टाईटल था ’26/11 आरएसएस की साजिश। मुंबई पर कसाब और उसके साथी आतंकियों द्वारा किए गए हमले को संघ की साजिश इस पुस्तक में बताया गया। हिन्दू की तुलना सिमी जैसे आतंकी संगठन से की गई। हिन्दू आतंकवाद शब्द गढऩे वाले ऐसे दिग्विजय सिंह को क्या भोपाल की जनता माफ कर पाएगी।
जावड़ेकर ने कहा कि भोपाल गैस त्रासदी जिसमें हजारों नागरिक मरे, उस गैस त्रासदी के मुख्य आरोपी एंडरसन जो उस समय भोपाल में था, उसे सरकारी विमान से देश के बाहर पहुंचाने का काम कांग्रेसी नेताओं ने किया। कांग्रेस के इस चरित्र को भोपाल की जनता याद रखेगी। 1984 में हुए सिख विरोधी दंगों पर सेम पित्रोदा द्वारा दी गई प्रतिक्रिया, बहुत ही शर्मनाक है। उन्होंने मांग की कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी को पित्रोदा के इस बयान पर माफी मांगनी चाहिए।
इस बार चुनाव में तीन मुद्दे
जावड़ेकर ने कहा कि इस बार जनता तीन मुद्दों को लेकर चुनाव लड़ रहे हैं। इसमें प्रधानमंत्री के दावेदारों में नरेन्द्र मोदी, राहुल गांधी के अलावा और भी कई दावेदार हैं। स्वाभाविक रूप से देशवासी मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। इस चुनाव का दूसरा प्रश्न है कि देश को कौन सुरक्षित रखेगा। इसका उत्तर भी साफ है। लोगों को एहसास और विश्वास है कि देश मोदी जी के हाथों में सुरक्षित है। तीसरा प्रश्न कि देश को तरक्की कौन देगा। भारत 2014 में विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था थी, अब 6वीं अर्थ व्यवस्था हैं और चौथे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने जा रहे हैं। इसलिए सुरक्षा, तरक्की और नेतृत्व तीनों का प्रतीक मोदी जी बन गए, इसलिए विरोधी मोदी के पीछे पड़ गए हैं। इसलिए देश में मोदी की जबरदस्त लहर है। भाजपा इस बार अपने बलबूते पर 300 सीट जीतेंगे। जबकि राजग 350 सीटें जीतेगी। हम पूर्ण बहुमत से सरकार में वापसी करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *