नई दिल्ली,लोकसभा चुनाव के 5वें चरण के लिए मतदान शुरू हो चुका है। इस चरण में 7 राज्यों की 51 सीटों पर करीब नौ करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। पांचवें चरण में 674 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में कैद होगा। इस चरण में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और स्मृति इरानी जैसे दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर है। उत्तर प्रदेश की 14 सीटों की बात करें तो सुबह 9 बजे तक 9.76 फीसदी मतदान हुआ। धौरहरा में 11.09फीसदी, सीतापुर में 11.11फीसदी, मोहनलाल गंज में 9.22फीसदी, लखनऊ में 8.78फीसदी, रायबरेली में 9.95फीसदी और अमेठी में 8.17फीसदी मतदान हुआ। वहीं, बांदा में 9.98फीसदी, फतेहपुर में 8.85फीसदी, कौशांबी में 10.92फीसदी, बाराबंकी में 9.84फीसदी, फैजाबाद में 9.80फीसदी, बहराइच में 10.20फीसदी, कैसरगंज में 9.40फीसदी और गोंडा में 9.50फीसदी मतदान हुआ।
सत्तारूढ़ बीजेपी और इसके सहयोगियों के लिए काफी कुछ दांव पर लगा हुआ है, क्योंकि 2014 के चुनावों में बीजेपी ने इनमें से 40 सीटों पर जीत दर्ज की थी और दो सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी, जबकि शेष पर अन्य विपक्षी दलों ने जीत हासिल की। उत्तर प्रदेश में 14 सीटों पर होने वाले मतदान में बड़ी राजनीतिक हस्तियों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी, जिनमें केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और स्मृति ईरानी, यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शामिल हैं।
अमेठी में ईवीएम खराब
अमेठी के प्राथमिक विद्यालय रामगंज मतदान केन्द्र 380 पर ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित है। इसके अलावा अमेठी के ही मुसाफिरखाना क्षेत्र के दादरा ग्राम सभा में बूथ संख्या 28 पर ईवीएम में तकनीक खरीबी होने के चलते मतदान नहीं शुरू हो सका है। पीठासीन अधिकारी थोड़ी देर मे मतदान चालू कराने की बात कर रहे हैं। यहां की तिलोई विधानसभा के जियापुर में भी ईवीएम खराब के चलते अबतक वोटिंग शुरू नहीं हो पाई है। भेटुआ ब्लाक के मनीरामपुर में वीवीपैड मशीन खराब होने से वोटिंग नहीं शुरू हुई है।
बंगाल में ईवीएम खराबी की शिकायत
पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण की वोटिंग शुरू होती ही अलग-अलग हिस्सों से ईवीएम में खराबी की शिकायतें आ रही हैं। हुगली में ईवीएम खराबी के बाद लोगों को गुस्सा का देखने को मिला वहीं हावड़ा के एक बूथ पर बीजेपी एजेंट के घुसने से कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की भी खबर है। पिछले चार चरणों में लगातार बंगाल से चुनावी हिंसा की खबरें आई हैं बावजूद इसके वहां वोटिंग प्रतिशत सबसे ज्यादा रहा है। बंगाल में अब तक हुए 4 चरणों की वोटिंग में औसतन 75 फीसदी मतदान हुआ है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ता भिड़े
पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में मतदान के बीच हंगामे की खबर आ रही है। यहां भाजपा और टीएमसी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। बचाव में आई पुलिस और केंद्रीय बल के जवानों से भी लोगों ने धक्का मुक्की की।
LS के पांचवें चरण में वोट पड़ रहे, बंगाल में BJP और TMC में तनातनी कई जगहों पर EVM में खराबी से मतदान रुका