स्मृति का आरोप राहुल जिस अस्पताल के ट्रस्टी वहां आयुष्मान भारत के कार्ड पर इलाज न देने से मरीज की मौत

अमेठी, हाई प्रोफाइल सीट अमेठी में आज सोमवार को मतदान हो रहा है। वोटिंग के बीच केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि यहां अस्पताल में एक व्यक्ति को इलाज देने से इनकार कर दिया गया, जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई है। उस व्यक्ति को इलाज इसलिए नहीं दिया गया, क्योंकि उसके पास आयुष्मान भारत का कार्ड था। इसके अलावा स्मृति ईरानी ने एक ट्वीट कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर बूथ कैप्चरिंग का आरोप लगाया। स्मृति ने एक वीडियो को रिट्वीट किया, इस वीडियो में एक बुजुर्ग महिला आरोप लगा रही हैं कि उनका हाथ जबरदस्ती कांग्रेस के बटन पर दबवा दिया। स्मृति ने इस ट्वीट में चुनाव आयोग को भी टैग किया। स्मृति के इस आरोप पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है।
कांग्रेस की ओर से सफाई आई है कि अमेठी के अस्पताल में करीब 200 ऐसे मरीजों का इलाज किया गया है जिनके पास आयुष्मान भारत का कार्ड था। जिस मरीज की बात स्मृति ईरानी कर रही हैं वह लीवर की बीमारी से पीड़ित था, वह अपनी लास्ट स्टेज में था और डॉक्टरों ने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। दरअसल, जिस संजय गांधी अस्पताल की बात की जा रही है उसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ट्रस्टी हैं। स्मृति के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने भी कांग्रेस पर हमला बोला था। अमेठी में इस बार फिर राहुल गांधी और स्मृति ईरानी की लड़ाई है। पिछली बार स्मृति यहां से हार चुकी हैं, लेकिन उन्होंने मैदान नहीं छोड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *