राजकुमार तैयार हो इसलिए एक वफादार वाचमैन को दस साल एक्टिंग प्राइम मिनिस्टर बनाकर थोपा गया- मोदी

सागर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री मुझे एक्टर बताते हैं। जिस पार्टी के नामदारों को रिमोट से सरकार चलाने की, गेम खेलने की आदत हो, उसे तो सब एक्टर ही नजर आएंगे। मोदी ने कहा कि पार्टी ने एक पीएम इन वेटिंग के समझदार होने तक देश पर 10 साल के लिए एक्टिंग प्राइम मिनिस्टर थोप दिया। कांग्रेस को 2004 में मौका मिला था, लेकिन पार्टी ने राजकुमार के तैयार होने तक एक वफादार वाचमैन बिठा दिया।
राजकुमार के समझदार होने के इंतजार में 10 साल तबाह हो गए और एक्टिंग प्राइम मिनिस्टर अपनी कुर्सी संभालने में ही लगे रहे। मोदी ने कहा कि अटलजी की सरकार ने 8.4 प्रतिशत विकास दर और काफी कम महंगाई दर वाला भारत कांग्रेस को सौंपा था, लेकिन जब 2014 में आपने कांग्रेस को बाहर किया, तब विकास दर 5 प्रतिशत तक गिर गई थी और महंगाई दर 10 प्रतिशत के करीब थी। भारत दुनिया में भ्रष्टाचार, आतंक और हिंसा वाले देश के रूप में पहचाना जाने लगा था। यह बात रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश के सागर में भाजपा प्रत्याशी राजबहादुर सिंह के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कही।
झूठ, प्रपंच और धोखा
कांग्रेस ने सालों पहले गुजरात में लोगों से धोखाधड़ी की। अभी हाल ही में राजस्थान में भी कांग्रेस द्वारा की गई धोखाधड़ी की कोशिश पकड़ी गई है। मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के दौरान कर्जमाफी के नाम पर वोट लिए, लेकिन कांग्रेस ने किसानों के साथ धोखा किया, नौजवानों से झूठ बोला। कांग्रेस का मतलब ही झूठ, प्रपंच और धोखा बन गया है। झूठ बोलना इनके स्वभाव में है। ये आपको भी बरगलाने की कोशिश करेंगे, आप सावधान रहें।
एक दशक बर्बाद किया
मोदी ने कहा कि आजादी के बाद कई पीढ़ियां गुजर गईं, लेकिन देश के लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हो सकीं। ऐसी चीजें जो आजादी के 25 साल बाद हर भारतीय को उपलब्ध हो जाना था, उनके लिए 21 वीं सदी में हमारी सरकार को जूझना पड़ रहा है। देश के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए जो इंतजार करना पड़ रहा है, उसके लिए कांग्रेस आपराधिक लापरवाही की दोषी है।
जितना कीचड़ उछालोगे, उतने ज्यादा कमल खिलेंगे
मोदी ने कहा कि महात्मा गांधी ईश्वर को सत्य का स्वरूप मानते थे। इसलिए इंसान कितनी ही झूठ बोले, झूठी कहानियां गढ़े, विदेशी एक्सपर्ट से ट्रेनिंग ले, नए-नए शब्द बनाए लेकिन सच सामने आ ही जाता है। अब नामदार ने भी यह मान लिया है कि मोदी पर जो झूठे आरोप लगाए जा रहे थे, जो-जो हमले किए जा रहे थे, उन सब का लक्ष्य और कारण मोदी की छवि पर दाग लगाना ही था। ये बातें एक इंटरव्यू के दौरान नामदार के मुंह से निकल गई हैं। श्री मोदी ने कहा कि मैं अकेला नहीं हूं, ईश्वर मेरे साथ है। उन्होंने कहा कि जिसे मां भारती के कण-कण ने खड़ा किया हो, उस पर जितना भी कीचड़ उछालोगे, उतने ही ज्यादा कमल खिलेंगे।
कांग्रेस के भ्रष्टाचार के सूत्र
मोदी ने कहा कि नामदार ने इंग्लैंड में एक कंपनी बनाई थी बैक ऑफ। परदे के पीछे से काम करने वाली यह कंपनी 2009 में बंद हो गई। लेकिन इस कंपनी में नामदार के जो पार्टनर थे, उन्हें 2011 में देश के लिए पनडुब्बी बनाने का ठेका दे दिया। अब पूरा देश पूछ रहा है, जो दलाली करते थे, लायजनिंग करते थे, वो पनडुब्बी कैसे बनाने लगे। जब से यह बात सामने आई है, नामदार और उनके दरबारी कोप भवन में चले गए हैं। पहले बोफोर्स, फिर हैलीकॉप्टर घोटाला और पनडुब्बी का ठेका। जितना भी खोदोगे, कांग्रेस के भ्रष्टाचार के सूत्र मिलते ही जा रहे हैं।
कांग्रेस के कुशासन ने देश को बदनाम किया
श्री मोदी ने कहा कि मैंने कई सरकारें देखी हैं, लेकिन कभी दो सीएम या पीएम नहीं देखे। मध्यप्रदेश में कांग्रेस की जो सरकार चल रही है, वह ढाई मुख्यमंत्री वाली सरकार है। शासन-प्रशासन भी परेशान है कि किसका आदेश माने। श्री मोदी ने कहा कि जब से यह सरकार आई है, इसने भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए औद्योगीकरण को बंद करके तबादला उद्योग शुरू कर दिया है। कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सरेआम बच्चों का अपहरण होने लगा है, डकैत फिर से सक्रिय हो गए हैं, बेटियों पर अत्याचार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही कांग्रेस का कुशासन है, पूरी दुनिया में भारत को बदनाम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *