लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान चल रहा, मोदी-शाह ने डाला वोट

नई दिल्ली,लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में 14 राज्यों में 115 सीटों पर वोटिंग जारी है। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, ओडिशा और असम में मतदान हो रहा है। धानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के रानिप पोलिंग बूथ में वोट डाला। इससे पहले उन्होंने गांधीनगर में अपनी मां हीराबेन से मुलाकात भी की। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश की कुल 10 लोकसभा सीटें शामिल हैं। इस चरण में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के साथ-साथ आजम खान, जया प्रदा और वरुण गांधी जैसे दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। वहीं गुजरात की गांधीनगर सीट से बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और केरल की वायनाड सीट से कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी चुनावी मैदान में हैं। सुबह 7 बजे से ही मतदान का सिलसिला जारी हो गया। उत्तरप्रदेश सपा नेता रामगोपाल यादव ने मैनपुरी के सैफई के बूथ संख्‍या 228 में अपना वोट डाला। केरल के मुख्‍यमंत्री पिनाराई विजयन ने केरल के कन्‍नूर जिले के बूथ पर पहुंचकर वोट डाला। महाराष्‍ट्र की बारामती सीट से एनसीपी की उम्‍मीदवार सुप्रिया सुले ने सपरिवार वोट डाला। गुजरात के मुख्‍यमंत्री विजय रूपाणी ने अपनी पत्‍नी अंजली के साथ राजकोट में वोट डाला। गोवा के मुख्‍यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी अपनी पत्‍नी के साथ वोट डाला। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी ओडिशा के तालचेर स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
मतदाताओं में मतदान को लेकर भारी उत्‍साह देखने को मिल रहा है। तेज धूप और गर्मी होने के बावजूद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। सुबह 9 बजे तक असम में 12.36%, बिहार में 12.60%, गोवा (उत्‍तर) में 13.14%, गोवा (दक्षिण) में 13.12%, गुजरात में 1.35%, जम्‍मू-कश्‍मीर में 0%, कर्नाटक में 7.38%, केरल में 2.48%, महाराष्‍ट्र में 5.94%, ओडिशा में 6%, उत्‍तर प्रदेश में 10.24%, पश्चिम बंगाल में 10.97%, छत्‍तीसगढ़ में 2.24, दादरा और नगर हवेली में 0% व दमन और दियू में 5.83 फीसदी मतदान हुआ है।
उत्‍तर प्रदेश की 10 सीटों की बात करें तो सुबह 9 बजे तक मतदान की स्थिति ठीक रही. मुरादाबाद में 9.90%, रामपुर 10.00%, सम्भल 10.80%, फिरोजबाद 8.68%, मैनपुरी 10.10%, एटा 10.20%, बदायूं 11.30%, आँवला 10.30%, बरेली 10.60%, पीलीभीत 10.50% मतदान हुआ है। यूपी के रामपुर से सपा प्रत्‍याशी आजम खान के बेटे अब्‍दुल्‍ला आजम खान ने क्षेत्र में 300 ईवीएम खराब होने का आरोप लगाया है। वहीं पश्चिम बंगाल की पांच सीटों बालुरघाट में 17.28%, मालदा उत्‍तर में 16.11%, मालदा दक्षिण में 16.22%, जंगीपुर में 14.99 और मुर्शिदाबाद में 14.62% मतदान हुआ है. बिहार की पांच सीटों पर सुबह 9 बजे तक 9.35 फीसदी वोटिंग हुई है। झंझारपुर में 11.5%, मधेपुरा में 8.75%, सुपौल में 8.3%, अररिया में 10% और खगड़िया में 8 फीसदी वोट पड़े।
आतंक के शस्त्र आईईडी से ताकतवर है लोकतंत्र का हथियार वोटर आईडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीनगर के रानिप में मतदान करने के बाद आम लोगों से अधिक से अधिक मतदान की अपील की। पीएम मोदी ने मतदाता पहचान पत्र को लोकतंत्र का शस्त्र बताया। उन्होंने कहा, ‘आतंकवाद का शस्त्र आईईडी होता है और लोकतंत्र का शख्स वोटर आईडी होता है। इसका इस्तेमाल कर अधिकतम मतदान करें।’ वोट डालने के बाद बूथ से बाहर आए पीएम मोदी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘देश का वोटर नीर-क्षीर विवेक जानता है।’ उन्होंने पहली बार वोट डालने वाले लोगों से 100 फीसदी अपील करते हुए कहा कि यह पूरी सदी पहली बार मतदान करने वालों की है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया के सामने लोकतंत्र के महात्म्य का उदाहरण पेश करता है। मोदी ने कहा कि पहले और दूसरे राउंड में लोगों ने अधिकतम मतदान किया है। इसके लिए मैं सभी का अभिनंदन करता हूं। यही नहीं उन्होंने पत्रकारों को भी आम लोगों को जागरूक करने और चुनावी कवरेज करने के लिए पत्रकारों को धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि तीसरे राउंड में मुझे भी मताधिकार के प्रयोग करने का सौभाग्य मिला है।
मां से आशीर्वाद लेकर पीएम मोदी ने किया मतदान
तीसरे चरण के मतदान में गुजरात के गांधीनगर में भी मतदान हो रहा है। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रानिप पोलिंग बूथ में वोट डाला। इससे पहले उन्होंने गांधीनगर में अपनी मां हीराबेन से मुलाकात भी की। इस दौरान पीएम मोदी ने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। मां हीराबेन ने पीएम मोदी को आशीर्वाद स्वरूप एक नारियल, मिश्री और 500 रुपये भी दिए। मां से मिलने के बाद पीएम मोदी ने खुली जीप से गांधीनगर के रानिप पोलिंग बूथ जाकर मतदान किया। पीएम नरेंद्र मोदी जब भी गुजरात दौरे पर होते हैं तो मां से जरूर मिलते हैं। वह अपनी मां हीराबेन के काफी करीबी हैं। गांधीनगर लोकसभा सीट से बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह इस बार चुनाव लड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *