जवाब तो आया नहीं उलटे कई और झूठ फेंक गए मोदी : बघेल

रायपुर,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बालोद की चुनावी सभा में छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधे जाने के जवाब में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रवार्ता में कहा कि उन्हें हमारे कामकाज के बारे में सच नहीं पता। श्री बघेल ने कहा कि हमने उनसे बीते रोज 20 सवाल पूछे थे, जिनका जवाब देना तो दूर श्री मोदी कई और झूठ फेंक गये।
श्री बघेल ने कहा कि हमने छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से इस पर जवाब देने का अनुरोध किया था. लेकिन आज बालोद की सभा में उन्होंने हमारे एक भी सवाल का जवाब नहीं दिया। वे दे भी नहीं सकते थे. क्योंकि वादों का जवाब दिया जा सकता है लेकिन जुमलों का कोई क्या जवाब देगा। भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष कह चुके हैं कि पिछले चुनाव में मोदी जी ने जो कुछ कहा था वह सब जुमला था. जबकि भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी कह चुके हैं कि मोदी जी ने जो कुछ कहा था वह भाजपा के गले की हड्डी बन गया है। मोदी जी जवाब नहीं देते ना सही लेकिन उन्हें नए झूठ तो नहीं बोलने थे। वे फिर से छत्तीसगढ़ की धरती से नए झूठ बोलकर चले गए।
श्री बघेल ने कहा कि श्री मोदी ने किसान सम्मान निधि के संदर्भ में देश में 3 करोड़ और छत्तीसगढ़ में 35 लाख किसानों को 76 हजार करोड़ देने की बात कही। उनकी योजना के अनुसार 5 एकड़ से अधिक ज़मीन वालों और परिवार में शासकीय सेवा और 10 हजार से अधिक पेंशन वाले किसान को लाभ नहीं मिलेगा। तो फिर आपके बताये इस 35 लाख किसानों की संख्या तो यूं भी घट जाएगी. और जब छत्तीसगढ़ में पंजीकृत किसानों की संख्या ही साढ़े 16 लाख है तो फिर वे बाक़ी के किसानों को कैसे योजना का लाभ देंगे?
श्री बघेन ने कहा कि नरेंद्र मोदी कह रहे थे कि कांग्रेस की नीयत गरीब किसान का भला करने की नहीं है। प्रधानमंत्री जी छत्तीसगढ़ की जनता को यह भी बता जाते कि उन्होंने तत्कालीन छत्तीसगढ़ सरकार के मांगने पर भी किसानों के बोनस के लिए पैसा नहीं दिया था? मोदी जी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार उनकी आयुष्मान योजना को लागू नहीं कर रही है. यह भी झूठ था। श्री बघेल ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना का भी सच जान लीजिये नरेंद्र मोदी जी। 16 सितंबर 2018 से 17 दिसंबर 2018 तक छत्तीसगढ़ के निजी और सरकारी अस्पतालों को मिलाकर कुल 1155 अस्पतालों ने 89422 मरीजों के क्लेम किए, इसकी राशि 60.2 करोड़ रुपए थी।
जबकि कांग्रेस की सरकार आने के बाद 17 दिसंबर 2018 से 31 मार्च 2019 तक राज्य के निजी और सरकारी अस्पतालों को मिलाकर कुल 1270 अस्पतालों के क्लेम आए, जिनमें कुल मरीजों की तादाद 2 लाख 47 हजार 801 थी। और क्लेम की कुल राशि प्रधानमंत्री जी, 185.50 करोड़ रुपए थी। अब आपको शायद यह पता चल गया होगा कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने आयुष्मान भारत योजना को बंद नहीं किया है, बल्कि हमारी सरकार एक सार्वभौमिक स्वास्थ्य योजना पर काम कर रही है।
श्री बघेल ने कहा कि लगता है छत्तीसगढ़ भाजपा ने मोदी जी को होमवर्क ठीक से नहीं करवाया। वरना वे नहीं कहते कि कर्ज़ माफ़ी नहीं हुई या आधी अधूरी हुई. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के दो घंटे के भीतर किसानों की कर्ज माफी का आदेश जारी किया गया था और सरकार ने 20 लाख किसानों के 11 हजार करोड़ रुपयों के कर्ज की माफी कर दी है। अब तो राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्ज़ भी माफ़ कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *