मोदी बरसे पाकिस्तान में हीरो बनने की होड़ कर रहे हैं कांग्रेस, सपा और बसपा

सहारनपुर/अमरोहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस, सपा और बसपा पर आतंकवाद की मदद पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये दल दुनिया के सामने बेनकाब हो रहे पाकिस्तान के पक्ष की बातें करके वहां ‘हीरो’ बनने की होड़ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में सपा-बसपा-रालोद के गठबंधन पर तंज करते हुए कहा कि कुछ लोग अलग-अलग जातियों के नाम पर समाज और देश में खाई पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। प्रदेश की जनता ने वर्ष 2014 के लोकसभा और 2017 के विधानसभा चुनाव में ऐसी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कांग्रेस पर पिछड़ा विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि संसद में राजीव गांधी ने मण्डल कमीशन का विरोध किया था। कांग्रेस को तो ओबीसी आयोग पर भी एतराज है।
पीएम मोदी ने अमरोहा में आयोजित रैली में कहा कि जब पाकिस्तान पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हो रहा है तो ये उसके पक्ष की बात कर रहे हैं, वहां पर हीरो बनने की स्पर्धा कर रहे हैं। कांग्रेस हो, सपा, बसपा हो, आतंकवाद पर इसी नरम रवैये की वजह से कुछ लोगों के हौसले बुलंद हुए हैं। इन दलों ने सिर्फ आतंक की ही मदद नहीं की है, इन्होंने आपके जीवन और अस्तित्व को संकट में डाला है। उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा और दिल्ली में कांग्रेस की सरकार थी, तब कभी अयोध्या और काशी को दहला दिया जाता था, कभी रामपुर में सीआरपीएफ कैम्प पर हमला होता था। देश की एजेंसियां बड़ी मशक्कत करके इन घटनाओं में शामिल लोगों को पकड़ती थीं लेकिन वोट बैंक की वजह से बुआ-बबुआ (मायावती और अखिलेश यादव) की सरकारें उन्हें छोड़ देती थीं। मुस्लिम बहुल सहारनपुर में मोदी ने तीन तलाक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक के कुचक्र से मुक्ति दिलाकर उनका जीवन सुरक्षित करने का प्रयास किया, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी ऐसा नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि मैं मुस्लिम बेटियों से कहना चाहता हूं कि कांग्रेस, सपा, बसपा के राज में मुस्लिम महिलाओं का शोषण जारी रहेगा। ये तीन तलाक के खिलाफ कानून को भी अनुमति नहीं देंगे। और हम जो अध्यादेश लाएं हैं उसे पारित नहीं होने देंगे।
प्रधानमंत्री ने सहारनपुर से कांग्रेस प्रत्याशी इमरान मसूद द्वारा वर्ष 2014 में अपने खिलाफ दिये गये श्बोटी काट देंगेश् वाले बयान की याद दिलाते हुए कहा हां तो बोटी-बोटी करने वाले लोग शहजादे (कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी) के बड़े चहेते हैं। उन पर उन्हें ज्यादा ही प्यार आता है। याद रखियेगा वो बोटी बोटी की धमकी देने वाले लोग हैं और हम बेटी बेटी को सुरक्षा और सम्मान देने वाले लोग हैं। मोदी ने कांग्रेस के घोषणापत्र को ‘ढकोसला पत्र’ करार देते हुए कहा कि इस पार्टी ने वादा किया है कि बेटियों के साथ राक्षसी अपराध करने वालों को भी अब जेल से जमानत मिल जाएगी। आप बताएं कि क्या ऐसे राक्षसों को जमानत मिलनी चाहिये। क्या देश ऐसे लोगों को माफ करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीति ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ का सम्मान करने की है। कांग्रेस कह रही है कि सत्ता में आने का मौका मिला तो आतंकियों के सरपरस्तों से बात की जाएगी। सुरक्षा बलों से विशेष अधिकार छीन लिये जाएंगे और देशद्रोह कानून को खत्म कर दिया जाएगा। कां्रगेस वोट के लिये देश को ही दांव पर लगा देना चाहती हैं। लेकिन जनता को इनके इस एजेंडे को नाकाम करना होगा।
प्रधानमंत्री ने सितम्बर 2013 में हुए मुजफ्फरनगर दंगों में प्रदेश की तत्कालीन सपा सरकार और केन्द्र की कांग्रेसनीत संप्रग सरकार की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि आपको अच्छी तरह पता है कि यहां भी देश को बांटने वाला खेल कैसे खेला जा रहा है। याद करिये कि जब दिल्ली में महामिलावट की सरकार थी, और यहां सपा की सरकार थी, तब उन्होंने एक प्रयोग मुजफ्फरनगर में किया था। जाति पात के आधार पर कैसे कैसे जुल्म हुए। आप उन्हें याद रखोगे ना। मोदी ने मुजफ्फरनगर से गठबंधन के प्रत्याशी रालोद प्रमुख चैधरी अजित सिंह पर हमला करते हुए कहा कि दंगों के वक्त सिंह अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिये वह चुप रहे और आज भी अपने स्वार्थ के लिये क्षेत्र में आप पर हुए अत्याचारों को भूल गये। उनके बेटे जयंत चैधरी तो और भी आगे निकल गये। आज पूर्व प्रधानमंत्री चैधरी चरण सिंह की आत्मा को कितना दुख होता होगा। इन महामिलावटी लोगों के आचरण से पता चलता है कि सत्ता में आने पर वे कैसे-कैसे काम करेंगे।
प्रधानमंत्री ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सियासत में अहम मुद्दा बनने वाले बकाया गन्ना मूल्य का भी जिक्र किया और कहा गन्ना किसानों को जल्द से जल्द बकाया मिले, इसका ध्यान योगी सरकार पूरी संवेदनशीनलता से रख रही हे। आने वाले समय में बकाया मूल्य न फंसने पाये, इसलिये लिये व्यापक काम हो रहा है। एथेनॉल निर्माण के लिये संयंत्र लगाये जा रहे हैं। जब वे बन जाएंगे तो गन्ना किसानों को कोई दिक्कत नहीं होगी। मोदी ने कहा कि इस बार का चुनाव सिर्फ एक सांसद का नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *