चित्रकूट में दो मासूम भाइयों के पिता ने योगी से कहा अपहरण और हत्या के मामले की CBI से जांच कराओ

सतना, चित्रकूट के दो जुड़वां मासूम भाइयों श्रेयांश और प्रियांश के अपहरण और हत्या के मामले में पीडित पिता ने सीबीआई से जांच करवाने की मांग की है। मासूमों के पिता कल उत्तर प्रदेश के कर्वी जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। प्रभारी मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने बच्चों के पिता बृजेश रावत की उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कराई। पीड़ित पिता ने मुख्यमंत्री से कहा कि कुछ आरोपित पकड़े गए हैं, लेकिन अभी और पकड़े जाने हैं। उन्होंने कहा कि यदि सीबीआई जांच हो जाए तो दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। जब तक सीबीआई जांच नहीं होगी, तब तक असली तथ्य सामने नहीं आएगा। योगी आदित्यनाथ ने आश्वासन देते हुए कहा कि शासन-प्रशासन आपके साथ है और हरसंभव मदद करेगा।
प्रभारी मंत्री ने पीड़ित पिता से बातचीत करते हुए घटना के संबंध में जानकारी ली और उन्हें इस दु:ख की घड़ी में उप्र सरकार के उनके साथ खड़े होने का भरोसा दिलाया। मासूमों के अपहरण व हत्या के मामले में एसआईटी बुधवार को आरोपितों को लेकर उप्र के बांदा जिले के अतर्रा पहुंची। पुलिस उस जगह पर पहुंची जहां पर अपहरणकर्ताओं ने दोनों मासूमों को रखा था। पूछताछ में आरोपितों ने दो लाख रुपए इलाहाबाद के किसी व्यक्ति को देने की बात कबूल की है। जांच अधिकारी वीडी पांडेय का कहना है कि पुलिस टीम गुरुवार को इलाहाबाद जाकर उस व्यक्ति के बारे में पता लगाकर उसे हिरासत में लेगी। मासूमों के पिता ब्रजेश रावत ने मीडिया के सामने कहा कि मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ को इस चीज के लिए विवश करें कि वे सीबीआई जांच के आदेश दें। यही दोनों बच्चों के लिए सच्ची श्रद्धाजंलि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *