लखनऊ,आगामी 7 फरवरी से दुनिया की प्रमुख परीक्षा संस्थानों में से एक माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू होने वाली है। संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते हुए प्रदेश के माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा मंत्री उपमुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षाएं 28 फरवरी को और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 2 मार्च को समाप्त होगी। उन्होंने बताया कि कुल 58 लाख 6 हजार 922 परीक्षार्थी इस बार परीक्षा में शामिल होंगे। पिछले साल नकल के खिलाफ सख्त कार्यवाही होने की वजह से इस साल पिछले साल की तुलना में 9 लाख 15 हजार 846 परीक्षार्थियों की संख्या में कमी आई है। शर्मा ने बताया कि 30 अप्रैल तक परीक्षा परिणाम घोषित किया जाएगा, परंतु कोशिश होगी कि इससे पहले ही ऐलान कर दिया जाए।
उन्होंने बताया कि कुल 8354 विद्यालयों को परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बनाया गया है। नकल को रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वॉइस रिकॉर्डर लगाए गए हैं। प्रदेश के कुल 1314 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील एवं 448 केंद्रों को अति संवेदनशील माना गया है। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ने यूपी बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले विद्यार्थियों को पत्र जारी करते हुए नेक सलाह भी दी। पत्र में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी पुस्तक एग्जाम वॉरियर्स में परीक्षा को त्यौहार की तरह लेने की सलाह दी है। इसीलिए परीक्षा से डरने की जगह उसका स्वागत करें। पत्र में यह भी कहा कि असली सफलता पाने के लिए नकल ना करें एवं रटने से बचें।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 7 फरवरी से शुरू होगी