मुंबई,फिल्म निर्माता एवं निर्देशक महेश भट्ट के भाई और फिल्म प्रोड्यूसर मुकेश भट्ट की बेटी साक्षी भट्ट ने भी आखिरकार विवाह कर ही लिया। उनकी शादी पार्टी पिछले दिनों मुंबई के होटल ताज लैंड में दी गई। इस पार्टी में बॉलीवुड के तमाम फेमस सेलेब्स जुड़े और उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस पार्टी में जिन पर सभी की नजरें रहीं उनमें बिग बी अमिताभ बच्चन पत्नी जया बच्चन, सदाबहार खूबसूरत रहने वाली रेखा प्रमुख रहीं। रेखा तो यहां नई नवेली दुल्हन की तरह सजधज कर पहुंचीं थीं। उन्होंने ग्रीन-रानी कलर की साड़ी, मांग पर शानदार टीका, गजरा और हाथों में खनकती चूड़ियां धारण की हुईं थीं जो कि सभी को मोह रहीं थीं। सदा की तरह रेखा यहां भी बेहद खूबसूरत नजर आईं। इनसे नजर हटी तो देखा गया कि आलिया भट्ट अपने देसी लुक में पार्टी में मौजूद लोगों का दिल चुरा रही हैं। वैसे चाचाजात बहन की शादी में आलिया भी कम खूबसूरत नहीं लग रहीं थीं। आलिया व्हाइट कलर के लहंगें में नजर आईं, इस दौरान उन्होंने फोटोग्राफर्स को निराश नहीं किया बल्कि किसी मॉडल की तरह उन्होंने पार्टी में ही जमकर पोज दिए। आलिया से नजर हटी तो देखा गया कि विद्या बालन, जूही चावला, श्रद्धा कपूर, दीया मिर्जा, बिपासा बसु, आयशा टाकिया, करण सिंह ग्रोवर, ऋतिक रोशन, विक्की कौशल, अनिल कपूर, आमिर खान, अक्षय कुमार और राजकुमार राव जैसे अनेक सेलेब्स लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए थे।