नई दिल्ली,कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव से पूर्व प्रियंका गांधी को पूर्वी यूपी का महासचिव बनाकर भाजपा के खिलाफ अपना तुरप का पत्ता चल दिया है। प्रियंका के सक्रिय राजनीति में उतरने की खबर के साथ ही कांग्रेस पार्टी खासे जोश में दिख रही है। अब ऐसी अटकलें भी चल रही हैं कि पार्टी प्रियंका को मोदी के खिलाफ वाराणसी से मैदान में उतार सकती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने ट्वीट कर इस दिशा में संकेत भी दिए हैं। कपिल सिब्बल ने ट्वीट किया, ‘मोदीजी और अमित शाह ने कहा था, कांग्रेस मुक्त भारत! अब प्रियंका गांधी की उत्तर प्रदेश (पूर्वी) में आने के बाद हम देखेंगे …मुक्त वाराणसी?…मुक्त गोरखपुर?’ राजनीतिक गलियारों में इन दिनों ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि प्रियंका को पूर्वी यूपी की किसी सीट से उतारा जा सकता है। ऐसी भी चर्चा है कि प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ मुकाबले में उन्हें वाराणसी से पार्टी अपना चेहरा बना सकती है। प्रियंका को पूर्वी यूपी की कमान सौंपी गई है और उन्हें कांग्रेस का महासचिव भी बनाया गया है। बुधवार को राहुल गांधी ने भी मीडिया से बातचीत में कहा था कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अब फ्रंटफुट पर खेलेगी। प्रियंका अब तक प्रदेश में सिर्फ रायबरेली और अमेठी के क्षेत्रों में ही चुनाव प्रचार करती थीं। इस बार उन्हें भाजपा का गढ़ माने जा रहे पूर्वी यूपी की कमान दी गई है।