भारतीय टीम के पास इटली पर जीत का अच्छा अवसर : भूपति

नई दिल्ली,भारतीय डेविस कप टीम के कप्तान महेश भूपति ने कहा है कि इटली के खिलाफ फरवरी में अपने घर में होने वाले मुकाबले में भारतीय टीम के पास जीत का अच्छा अवसर है। डेविस कप के बदले हुए प्रारूप के क्वालिफायर में भारत को एक और दो फरवरी को कोलकाता में ग्रास कोर्ट पर इटली से खेलना है। इस साल क्वार्टर फाइनल में हारने वाली चार टीमों को क्वालिफायर में जगह मिली है। विश्व ग्रुप प्लेऑफ में सर्बिया के खिलाफ मात खाने वाले भारत ने एशिया-ओसियाना क्षेत्र में बेहतर डेविस कप रैंकिंग के कारण क्वालिफायर में जगह बनाई है। इसमें 12 विजेता टीमें 18 टीमों के फाइनल में जगह बनाएंगी जो 18 से 24 नवंबर तक खेला जाएगा।
भूपति ने कहा कि अब भारतीय टेनिस पहले से काफी बेहतर हो गया है। भारतीय टेनिस में इससे पहले कभी इतनी गहराई नहीं थी। हमारे पास प्रजनेश गुणेश्वरन, रामकुमार रामनाथन और युकी भांबरी जैसे खिलाड़ी हैं जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हमने काफी पदक जीते हैं। महिला वर्ग अंकिता रैना और करमन कौर थंडी अच्छा कर रहे हैं। इन दोनों ने हाल ही में एक-साथ खेलते हुए युगल में लगातार दो खिताब जीते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *