कमलनाथ के मंत्रिमंडल में SC के 6 और ST के 4 मंत्री बने, सामान्य वर्ग को भी खासा मौका

भोपाल,मुख्यमंत्री कमलनाथ ने काफी मशक्कत के बाद मंगलवार को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 28 विधायकों को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन मंत्रियों में दो महिलाएं, एक मुस्लिम एवं एक निर्दलीय विधायक शामिल हैं। सामान्य वर्ग से सर्वाधिक मंत्री रखे गए हैं जबकि अनुसूचित जाति के 6 एवं अनुसूचित जनजाति के 4 विधायकों को मंत्रीमंडल में स्थान मिला है।
कमलनाथ मंत्रिमंडल में जिन 28 विधायकों को मंत्री बनाया गया है उनमें 17 सामान्य वर्ग से आते हैं, जबकि एक अल्पसंख्यक और 6 अजा व 4 अजजा वर्ग से हैं। इस मंत्रीमंडल में दो महिला विधायकों को भी जगह मिली है। दो महिला विधायकों महेश्वर विधानसभा सीट से विजयलक्ष्मी साधौ एवं डबरा से इमरती देवी हैं। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने वारासिवनी के निर्दलीय विधायक प्रदीप जायसवाल को भी अपने मंत्रिमंडल में स्थान दिया है। मंत्रिमंडल में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थकों को ज्यादा तवज्जोह दी गई है। क्षेत्रवार बात करें तो भिंड से डॉ गोविंद सिंह, ग्वालियर से प्रद्युमनसिंह तोमर, भितरवार से लाखन सिंह यादव, डबरा से इमरती देवी, बमौरी से महेंद्र सिंह सिसोदिया, राघौगढ़ से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह, सुरखी से गोबिंद सिंह राजपूत, देवरी से हर्ष यादव, पृथ्वीपुर से बृजेंद्र सिंह राठौर, सिंहावल से कमलेश्वर पटेल, जबलपुर से लखन घनघोरिया, जबलपुर से ही तरुण भानोट, डिंडोरी से ओंकारसिंह मरकाम, वारासिवनी से प्रदीप जायसवाल, मुलताई से सुखदेव पांसे, सांची से प्रभुराम चौधरी, भोपाल से आरिफ अकील एवं पीसी शर्मा, खिलचीपुर से प्रियवृत सिंह, शाजापुर से हुकुम सिंह, सोनकच्छ से सज्जन सिंह वर्मा, महेश्वर से डॉ विजय लक्ष्मी साधो, कसरावद से सचिन सुभाष यादव, राजपुर से बाला बच्चन, गंधवानी से उमंग सिंगर, कुक्षी से सुरेंद्रसिंह बघेला, राऊ इंदौर से जीतू पटवारी एवं सांवेर से तुलसी सिलावट हैं।
गौरतलब है कि 28 नवंबर को मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए मतदान हुआ था और परिणाम 11 दिसंबर को आए थे, जिसमें कांग्रेस को 114 सीटें हासिल हुईं। इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने बसपा के दो, सपा का एक और चार अन्य निर्दलीय विधायकों के समर्थन के साथ सरकार बनाई। इस बार भाजपा को 109 सीटों के साथ विपक्ष में बैठने का जनादेश मिला है। मंगलवार 25 दिसंबर को कमलनाथ के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया और इसी के साथ 28 विधायकों को मंत्री पद एवं गोपनीयता के शपथ राजभवन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कमलनाथ, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मंत्री पद की दौड़ में शामिल अनेक नाम ऐसे हैं जो इस दौड़ में पिछड़ गए, जबकि उन लोगों को जगह मिल गई है जिनकी उम्मीद कम ही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *