शिरडी, शुक्रवार को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय परिवहन मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई जब वे एक सार्वजनिक कार्यक्रम में मंच पर मौजूद थे. मंच पर गिरने से पहले राज्यपाल सी.विद्यासागर राव ने गडकरी को अपने हाथों में थामा. नितिन गडकरी अहमदनगर जिले के शिर्डी में स्थित राहुरी कृषि विद्या पीठ के 33वें दीक्षांत समारोह में शिरकत करने पहुंचे थे. वे राष्ट्रगान के दौरान खड़े हो रहे थे, तभी वह अचानक बेहोश हो गए. उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया गया है कि नितिन गडकरी का शुगर लेवल बहुत ज्यादा गिर गया था जिसकी वजह से वे बेहोश हो गए. गडकरी को तुरंत मीठा खाने को दिया गया जिसके बाद अब वे स्वस्थ हैं. इस कार्यक्रम में महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. विद्यासागर राव भी मौजूद थे. वीडियो में दिख रहा है कि गडकरी मंच पर अन्य अतिथियों के साथ खड़े हैं. कुछ देर तक खड़े रहने के बाद अचानक वे बेहोश गए. आपको बता दें कि गडकरी हरफरमौला नेताओं में गिने जाते हैं. बतौर परिवहन मंत्री उनके कामों को सराहा जाता रहा है. उन्होंने साल 2011 में वजन घटाने के लिए ऑपरेशन कराया था. उन्होंने बैरियाट्रिक सर्जरी कराई थी, जो आमतौर पर ऐसे लोग कराते हैं, जिन्हें मोटापे की वजह से डायबिटीज, हाइपरटेंशन जैसी बीमारियां होती हैं. बता दें कि इससे पहले भी कई बार नितिन गडकरी की तबीयत खराब हो चुकी है. कुछ समय पहले ही एक रैली के बाद उनकी तबीयत खराब होने की खबर थी. इस बीच नितीन गडकरी के दफ्तर से ट्वीट कर ये जानकारी दे गयी कि, केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी जी की तबियत अब स्वस्थ है और वे अपने आगे के निर्धारित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए हैं.
ऑक्सीजन की कमी होने से मुझे चक्कर आया- गडकरी
तबीयत ठीक होने के बाद मीडिया से बात करते हुए नितिन गडकरी ने कहा, ‘राहुरी के कार्यक्रम में, पंडाल एयर टाइट था और मैंने पदविदान सभा (दीक्षांत समारोह) में कपड़े पहने थे. ऑक्सीजन की कमी होने के कारण मुझे चक्कर आया था. बाद में ब्लड प्रेशर चेक किया सब ठीक था, शुगर ठीक थी. कोई प्रोब्लम नहीं है, अब मैं ठीक हूं, चिंता करने का कोई कारण नहीं है. बहुत लोगों ने मेरी चिंता की, जिनका मैं आभारी हूं, पर अब मेरी तबीयत बिलुकल अच्छी है, चिंता की कोई बात नहीं है.’
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी दीक्षांत समारोह के दौरान मंच पर ही बेहोश हो गए