विकास के सपने दिखाने वालों ने किया था विनाशः शिवराज

धार/झाबुआ/अलीराजपुर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि विकास के सपने दिखाना कांग्रेस की पुरानी परंपरा रही है। 1971 में स्व. इंदिराजी ने दिखाए थे और अब उनकी पीढ़ी के लोग दिखा रहे हैं, लेकिन उन्हें क्या पता कि वे सिर्फ वादा करते हैं और उनके वादों को पूरा करने का काम भाजपा की सरकार करती है। कांग्रेस के राजा, महाराज और उद्योगपति मध्यप्रदेश में किसानों को कर्जमाफी के सपने दिखा रहे हैं। उन्होंने पंजाब और कर्नाटक में भी वादे किए थे, लेकिन आज तक पूरे नहीं हुए। मुख्यमंत्री धार जिले के सरदारपुर विधानसभा के दसई में पार्टी प्रत्याशी संजय बघेल, झाबुआ जिले की पेटलावद विधानसभा के बमनिया में प्रत्याशी निर्मला भूरिया एवं थांदला प्रत्याशी कलसिंह भावर और अलीराजपुर जिले के जोबट में पार्टी प्रत्याशी माधव सिंह डाबर के समर्थन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने झोपड़िया दी थीं, हमने पक्के मकान दिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में आदिवासी, गरीबों को घास, भूसे की झोपड़ियों में रहने के लिए मजबूर होना पड़ता था। उनकी कई पीढ़ियों ने इन झोपड़ियों में जिंदगी गुजार दी, लेकिन इन राजा, महाराजा और उद्योगपतियों को उस समय उनकी सुध नहीं आई। भाजपा की सरकार ने इन गरीबों को पक्के मकान दिए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक कोई भी गरीब बिना मकान के नहीं रहेगा। हर व्यक्ति को उसका मकान दे दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *