मंडीदीप,कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज भोजपुर विधानसभा के मंडीदीप में कहा कि जब मैं शिवराज सिंह से ई-टेंडर, मध्यान्ह भोजन, व्यापमं, अवैध रेत उत्खनन के घोटालों की बात करता हूं, तब वे मेरे ऊपर मानहानि का दावा करने की बात क्यों नहीं करते? पिछली बार गलती से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के बेटे की जगह शिवराज के बेटे का नाम पनामा लीक्स में मेरे मुंह से निकल गया था। शिवराज कहते हैं मानहानि का दावा लगाऊंगा, अगर दावा लगाना ही है तो मध्यप्रदेश में हुए घोटालों पर मैंने जो बात कही है, उन पर लगायें? वे नहीं लगाएंगे, क्योंकि उन्होंने मध्यप्रदेश की जनता का पैसा चोरी किया है। दूसरी तरफ छप्पन इंच की छाती वाले चैकीदार हैं, जिन्होंने जनता का तीस हजार चोरी करके अनिल अंबानी की जेब में डाल दिया।
गांधी ने कहा कि मंडीदीप में विभिन्न फेक्ट्रियों में जो मजदूर काम करते हैं, वे बतायें कि यहां की फेक्ट्रियां किसके शासनकाल में लगी हैं। ये सब कांग्रेस सरकार में लगी थीं। शिवराज की सरकार में तो वे बंद जरूर हो रही हैं। मुझे पता है कि आप सब अपने बच्चों की अच्छी शिक्षा और परिवार के स्वास्थ्य की चिंता करते हैं। हम राज्य का पैसा अच्छी शिक्षा और स्वास्थ्य में उपयोग करेंगे। गुणवत्ता वाले सरकारी अस्पताल, यूनिवर्सिटी और काॅलेज खोलेंगे। हर सरकारी अस्पताल में गरीबों को मुफ्त में दवाई मिलेगी। यानि आपका पैसा, आपका धन आपके भविष्य के लिए उपयोग किया जायेगा। हम बैंकों के दरवाजे युवाओं, किसानों, छोटे उद्योगपतियों के लिये खोलेंगे, न कि चंद अमीरों के लिये।
राहुल गांधी ने कहा कि बड़े उद्योगपतियों ने बारह लाख करोड़ रूपये बैंक से ऋण लेकर रखे हैं। नोटबंदी देश का सबसे बड़ा घोटाला है। यदि कालेधन के खिलाफ लड़ाई थी तो सूट बूट वाले और कालेधन वाले बैंकों की लाईन में क्यों नहीं लगे। जाहिर है कि इस देश में सूट बूट वालों की चलती है, किसानों की नहीं। मैं आपके माध्यम से नरेन्द्र मोदी को जबाव देना चाहता हूं कि कुछ ही दिनों में मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार आ रही है। मध्यप्रदेश के लोग पूरे दम से कांग्रेस को जिताने जा रहे हैं। जब मोदी जनता से वायदा करते थे तो जनता सोचती थी अच्छे दिन आने वाले हैं, लेकिन अब जनता कहती है चैकीदार चोर है। यह बदलाव क्यों हुआ? क्योंकि नरेन्द्र मोदी ने जनता का भरोसा तोड़ा है। उन्होंने झूठ बोला है। उनके मुंह से सच्चाई नहीं निकलती है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने मंडीदीप के मजदूर भाईयों से कहा कि हम आपकी तड़प समझते हैं। आप जानते हैं कि जो भी उद्योग यहां लगे वह कांग्रेस सरकार की देन है। कांग्रेस सरकार आने पर हम फास्ट टेªक लेवर कोर्ट बनायेंगे। समान काम समान वेतन हमारी नीति है। मजदूरों को रहने के लिए आवास योजना बनेगी। आपने भाजपा सरकार को 15 साल देख लिया। अब बदलाव की बयार है। अब नया इतिहास बनायंेगे और आपकी अंतरआत्मा और मानसम्मान की जीत होगी।
ई-टेंडर, मिड-डे मील, व्यापमं और रेत घोटाले पर शिवराज क्यों नहीं कर रहे मानहानि का दावा ?