लेडी डॉन श्रुति के गैंग के गुर्गे नामी परिवारों से रखते हैं तालुक्क

भोपाल,राजधानी में अपराध करने के बाद सुर्खियों में आई लेडी डॉन उर्फ श्रुति शर्मा की गैंग में शामिल सभी गुर्गे नामी परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। लेडी डॉन के किसी सहयोगी के पिता सरकारी नौकरी में है तो कोई व्यापारी की औलाद है। गत दिनों चलती गाडी में मारपीट कर एक ठेकेदार के लडके को कार से फैंकने वाली श्रुति शर्मा एक बार फिर चर्चा में है। इस बार भी उसने अपनी गैंग के साथ मिलकर एक लड़के को मारने की कोशिश की है।
पिछले दिनों चूनाभट्टी इलाके में एक ठेकेदार के बेटे को चलती कार से धक्का देकर हत्या की कोशिश के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। ये सभी विधानसभा के पूर्व सचिव सत्यनारायण शर्मा की बेटी श्रुति की गैंग के सदस्य हैं। इन पर आरोप है कि उन्होंने श्रुति और फरहान के साथ मिलकर इशान गुर्जर व उसके साथी शशांक नयनवानी के साथ मारपीट की है। इशान को चलती कार से धक्का देने की साजिश में शामिल रहे।
गिरफ्तार आरोपितों में वकील, कपडा व्यापारी, नगर निगम, बिजली विभाग में पदस्थ अधिकारियों के बेटे शामिल हैं। अब पुलिस फरार आरोपित श्रुति शर्मा, फरहान और हैदर की तलाश में जुटी है। बता दें कि नौ नवंबर की रात ठेकेदार नन्हे सिंह गुर्जर के बेटे इशान गुर्जर और नन्हे के साथी फैक्ट्री संचालक के बेटे शशांक नैनवानी का कार से अपहरण कर बेरहमी से मारपीट की गई थी। इसके बाद इशान को चलती कार से धक्का दे दिया था। इशान को गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने घटना में उपयोग की गई तीन कारों को बरामद किया है।
टीआई ठाकुर के अनुसार आरोपितों में छत्रसाल नगर फेस-2 पिपलानी निवासी शशांक खरे, जिसका पिता मुकेश खरे नगर निगम में क्लर्क है। नूर महल गली कोतवाली निवासी सैयद अदनान का पिता सैयद अथर अली वकील है। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोहेफिजा में रहने वाला सारिक खान कपड़ा व्यापारी यूसुफ खान का बेटा है। एमपीईबी कॉलोनी कोहेफिजा निवासी पुनीत उपाध्याय का पिता मुनेंद्र उपाध्याय बिजली विभाग में नौकरी करता है, वहीं हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी ऐशबाग निवासी आसिम खान पिता इरफान खान है। चूनाभट्टी पुलिस ने आरोपितों तक पहुंचने के लिए घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले थे। इनमें कमला पार्क के अंगीठी चौराहे के पास शशांक नैनवानी के साथ बदमाश मारपीट करते हुए दिखे। इस फुटेज के आधार पर पुलिस ने शंशाक खरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। शशांक ने पुलिस को बताया कि इशान को कार से धक्का देने के बाद श्रुति, फरहान, हैदर एक साथ फरार हुए हैं। एसपी राहुल लोढा का कहना है कि यह गिरोह ड्रग्स सप्लायर से जुड़ा है। इसकी लिंक तलाश करने में पुलिस जुटी है। आशंका है कि श्रुति भी इस धंधे में शामिल हो सकती है। इसकी वजह यह बताई जा रही कि श्रुति जब बैतूल पुलिस की गिरफ्त में थी तब उसने कुछ ड्रग्स सप्लायरों के नाम उगले थे। हालांकि बाद में मामला रफा-दफा कर दिया गया।श्रुति शर्मा को पूरा गैंग टेरर नाम से बुलाता है। वह अपने गिरोह के लोगों को जमकर धमकाती है। गाली-गलौज करना उसके लिए आम है। इस गिरोह के युवक नशे के आदी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *