उत्तर प्रदेश में 35 रुपए सस्ती होगी यूरिया, जापान करेगा कृषि क्षेत्र में निवेश

लखनऊ,बड़े पैमाने पर कृषि कुम्भ आयेजित करने के ठीक बाद सूबे की योगी आदित्यनाथ सरकार ने मंगलवार को किसानों को बड़ा तोहफा देते हुए यूरिया के दामों में 35 रुपए की कमी करने का निर्णय लिया। इसके अलावा सरकार ने कृषि के क्षेत्र में निवेश के लिए जापान से काफी बड़ा समझौता करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके अलावा सरकार ने ओडीओपी योजना के तहत जिलों में काॅमन फैसिलिटी सेन्टर खोलने, प्रयागराज में कुंभ मेला में कल्प वासियों को 17 किलोग्राम प्रति व्यक्ति चीनी देने, किसानों को भांग की खेती करने की अनुमति देने आदि निर्णय भी लिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को यहां राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने उत्तर प्रदेश मूल्य संवर्धन नियमवाली में संशोधन कर दिया है। इसके तहत प्राकृतिक गैस पर 26 फीसद वैट घटाकर छह फीसद कर दिया गया है। यूरिया पर सरकार ने साढ़े 14 प्रतिशत टैक्स कर दिया है। 35 रुपये तक प्रति बैग यूरिया का मूल्य कम हो जाएगा। प्रवक्ता ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने कृषि के क्षेत्र में निवेश के लिए जापान से काफी बड़ा समझौता करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इसके तहत जापान की कंपनियां कृषि के क्षेत्र में निवेश करेंगी। इसी प्रकार मंत्रिपरिषद ने शोध एवं वैज्ञानिक उद्देश्य से औषधीय उद्देश्य को पूरा करने के लिए भांग की खेती की अनुमति प्रदान की गई है, अर्थ व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए किसानों की स्थिति को सुधार के लिए यह प्रस्ताव पास किया गया है। आबकारी विभाग इसे देखेगा, कोई भी इसे लगा सकता है। वहीं प्रयागराज में कुंभ मेला में कल्प वासियों को 17 किलोग्राम प्रति व्यक्ति चीनी मिलेगी। कैबिनेट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चीनी की मात्रा बढ़ाने का अधिकार दिया है।
प्रवक्ता ने बताया कि मंत्रिपरिषद ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट को प्रोत्साहन देने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। इसके तहत सामान्य सुविधा केंद्र को व्यवस्थित करना प्रमुख है। करीब 10 बिंदुओ पर काम होगा। इसका रख-रखाव प्राइवेट कंपनी के जरिये होगा। 90 प्रतिशत अंशदान सरकार देगी। 10 प्रतिशत सोसाइटी बनाकर देगी। इसका संचालन सोसाइटी के माध्यम से होगा। जिलाअधिकारी की अध्यक्षता में कमेटी बनेगी। योजना के माध्यम से आवेदन मांगा जाएगा। एक से अधिक भी सोसाइटी स्थापित की जा सकती है। इसके अलावा मंत्रिपरिषद ने कैबिनेट में जल अधिनियम में बदलाव करते हुए जल संवर्धन और सीवर नियमावली के तहत यह संशोधन किया है। इसके अलावा आने वाले शैक्षिक सत्र 2018-19 के लिए पुस्तक प्रिंटिंग प्रस्ताव में संशोधन किया गया है। सरकार का मानना है कि इस प्रस्ताव से किताबें अब कम कीमत में मिलेंगीं। कक्षा एक से आठ तक अगले वर्ष के मुफ्त में किताबे बांटने के संबंध में सरकार ने फैसला लिया है। मंत्रिपरिषद ने फैजाबाद के अयोध्या में नए क्यूइन हो मेमोरियल पार्क के लिए प्रस्ताव को पास किया गया है। इस पार्क में स्टोन से काम होगा। इसके साथ ही परिवहन वाहनों को रंगे जाने को लेकर उत्तर प्रदेश मोटर नियमावली में बदलाव का प्रस्ताव पास कर दिया गया है। अब व्यावसायिक वाहनों के लिए रंग निर्धारित कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *