महासमुंद, यद्यपि विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही अब तक अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है लेकिन चुनाव लडऩे का मन बना चुके दावेदार पूरे दमखम से प्रचार शुरू कर चुके हैं। यह लोग सोशल मीडिया के जरिये प्रचार में जुट गए हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए 26 अक्टूबर से नामांकन भरे जायेंगे । जिसके लिए जिले के सभी चारों विधानसभा को मिलाकर अब तक 19 प्रत्याशियों ने नामांकन फार्म खरीद लिया है। सोमवार से नामांकन खरीदी की प्रक्रिया में और अधिक इजाफा होने की संभावना है क्योंकि 2 नवंबर को नामांकन फार्म खरीदने की अंतिम तिथि है। इसके बाद 3 नवबर को सभी प्रत्याशियों को नामांकन फार्म भरकर जमा करनी होगी। 4-5 नवंबर को प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकते हैं। नाम वापसी के बाद प्रशासन की ओर से शेष बचे प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह दे दिया जाएगा इसके बाद प्रत्याशियों को प्रचार-प्रसार के लिए करीब 12 दिन ही मिलेगा। जिसे देखते हुए संभावित प्रत्याशी अभी से ही प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। इधर,खल्लारी विधानसभा सीट से भाजपा ने प्रत्याशी घोषित कर दिया है। बसना, महासमुंद और सरायपाली सीट के लिए घोषणा होना अभी बाकी है। जबकि कांग्रेस ने किसी भी विधानसभा के लिए प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। दावेदारों के साथ ही कार्यकर्ताओं को भी सूची घोषित किए जाने का ब्रेसबी से इंतजार है। इधर, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जोगी) ने भी महासमुंद सीट के लिए अब तक प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है। जकांछ और बसपा में गठबंधन होने के कारण जिले की 4 में 3 सीटों में जकांछ और सरायपाली में बसपा का प्रत्याशी उतारना तय हुआ है। दावेदार इन दिनों प्रचार के लिए व्हाट्सअप और फेसबुक जैसे सोशल साइट का भरपूर उपयोग कर रहे हैं। हालांकि इसमें वे अपने और पार्टी के लिए आशीर्वाद मांग रहे हैं। जैसे-जैसे चुनाव की तारीख नजदीक आ रही है वैसे-वैसे प्रचार बढ़ता जा रहा है।
… अभी उम्मीदवारी दूर की कौड़ी पर दावेदारों ने शुरू किया प्रचार