जब सत्ता में थे तब सबकी चिंता कहाँ चली गई थी

रायपुर,भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पाण्डेय ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की किसानों के प्रति हमदर्दी को खोखली राजनीतिक नौटंकी बताया है। उन्होंने कहा है कि अपनी तमाम सियासी नौटंकियों के बावजूद कांग्रेस के नेता किसानों का विश्वास नहीं जीत पाएंगे। पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव सुश्री पाण्डेय ने कहा कि छत्तीसगढ़ से चुनावी शंखनाद कर रहे राहुल गांधी किसानों, युवाओं, महिलाओं आदिवासियों आदि के उत्थान की बातें कर रहे हैं, लेकिन जब उनकी पार्टी सत्ता में थी, तब उन्हें उनकी चिंता क्यों नहीं हुई? सुश्री पाण्डेय ने राहुल पर सवालों की झड़ी लगाकर कहा है कि यूपीए के शासन काल में कर्ज माफी घोटाला 52 हजार करोड़ का था। कैग ने उस पर सवाल उठाये थे। किसानों के कर्ज के नाम पर किये गए इतने बड़े घोटाले पर राहुल गांधी का क्या कहना है? भाजपा नेत्री ने पूछा है कि क्या राहुल को पता है कि छत्तीसगढ़ के किसानों को उनकी सरकार ने किस हालत में रख छोड़ा था? क्या वे जानते हैं कि प्रदेश के धान उत्पादक किसानों का धान भिगो-भिगो कर खरीदते थे। उपज का उनको मूल्य नहीं मिलता था। भुगतान के लिए किसान महीनों चक्कर लगाते थे। कांग्रेस शासन में छत्तीसगढ़ में किसानों पर लगातार किये अत्याचार, आदिवासी इलाकों में कीमती वन्य उपज के बराबर नमक देने वाले शोषकों शासकों को संरक्षण देने वाली कांग्रेस सरकार के कृत्यों पर क्या राहुल गांधी खेद जताएंगे? चार-चिरौंजी जैसे बहुमूल्य उपज कांग्रेस पोषित व्यापारी लूट लेते थे। क्या उस पर राहुल को अफसोस नहीं है?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *