राहुल गांधी MP में सरकार बनाने का सपना न देखें : अमित शाह

जबलपुर,भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज यहां कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी मध्यप्रदेश में सरकार बनाने का सपना न देखें। मध्यप्रदेश कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता विजयराजे सिंधिया की धरती है जो भाजपा का गढ़ बन चुकी है। शाह वेटरनरी कॉलेज परिसर में संभाग के भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, महामंत्री विनोद गोंटिया, गौरीशंकर बिसेन, कंहईराम रघुवंशी, राज्यमंत्री शरद जैन, संजय पाठक, अभिलाष पांडे सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। शाह ने कहा कि इस मर्तबा में प्रदेश में विधानसभा की 2 सौ सीटें जीतना है इसके लिये प्राणप्रण से जुट जाएं और एक-एक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करें। मध्यप्रदेश की जीत दिल्ली जाकर आंधी बनेगी और पश्चिम बंगाल में सुनामी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है इसलिये हमारी जीत सुनिश्चित है। श्री शाह ने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं जो मुझे कार्यकर्ताओं का स्नेह मिला। अगले लोकसभा चुनाव तक मैं प्रदेश के सभी राज्यों का चुनाव देख चुका होऊंगा और देशभर के कार्यकर्ताओं से संवाद करने का मौका मिल चुका होगा।
राहुल दिन में सपना देखना छोड़ दें…..
शाह ने राहुल गांधी के ऊपर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें दिन में खुली आंखों से सपना देखना छोड़ देना चाहिये कि मध्यप्रदेश में सरकार बनाएंगे। सन् 2014 लोकसभा चुनाव के बाद 14 राज्यों के विधानसभा का चुनाव हारने के बाद राहुल गांधी सपना देख रहे हैं कि कुशाभाऊ ठाकरे के प्रदेश में सरकार बना लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *