CG में किसानों को रबी फसलों के लिए मिलेगा भरपूर पानी

रायपुर,मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने किसानों को रबी फसलों के लिए भरपूर पानी देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस बार मानसून के दौरान प्रदेश में अब तक अच्छी बारिश हुई है और सिंचाई जलाशयों में पर्याप्त जल भराव हो गया है। इसे देखते हुए राज्य किसानों को रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी दिया जाएगा। सीएम ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने की छत्तीसगढ़ सरकार की नीति के तहत धमतरी जिले के ग्राम बगौद-बंजारी (तहसील-कुरूद) में लगभग 170 एकड़ के रकबे में मेगाफूड पार्क की स्थापना की गई है। प्रदेश सरकार के उपक्रम छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) ने  45 करोड़ रूपए की लागत से इसका निर्माण किया है।उन्होंने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2018-19 के लिए राज्य की सहकारी समितियों में धान खरीदी एक नवम्बर से शुरू होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा-इस खरीफ सीजन में धान बेचने पर लगभग चौदह हजार करोड़ रूपए की एक बड़ी धन राशि किसानों के घर पहुंचेगी। इससे उनके जीवन में और भी ज्यादा खुशहाली आएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेती पर आधारित खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को भी बढ़ावा देने का हर संभव प्रयास कर रही है, ताकि हमारे किसानों को कृषि उपजों के लिए अच्छा बाजार मिल सके और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप उनकी आमदनी वर्ष 2022 तक दोगुनी हो सके। मुख्यमंत्री ने कहा-इसी कड़ी में धमतरी जिले के कुरूद विकासखण्ड स्थित बंजारी-बगौद में लगभग 170 एकड़ के रकबे में फूडपार्क विकसित किया गया है। मुख्यमंत्री ने आमसभा में इस फूड पार्क का भी लोकार्पण किया। इसका निर्माण छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सीएसआईडीसी) द्वारा करीब 45 करोड़ रूपए की लागत से किया गया है। मुख्यमंत्री ने इसे मिलाकर आज की आम सभा में धमतरी जिले को एक हजार 464 करोड़ रूपए के 270 निर्माण कार्यों की सौगात दी। इनमें से उन्होंने लगभग 457 करोड़ रूपए के 83 पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का लोकार्पण और एक हजार 07 करोड़ रूपए के 187 नये स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। डॉ. सिंह ने आम सभा में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत 429 हितग्राहियों को लगभग दो करोड़ 90 लाख रूपए की सामग्री और सहायता राशि का भी वितरण किया। उन्होंने भखारा उप तहसील को पूर्ण तहसील का दर्जा देने और कुरूद में पॉलिटेक्निक कॉलेज जल्द शुरू करने की भी घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *