रिटायर आईपीएस अफसर के.एस. ढिल्‍लन का निधन

भोपाल,सेवानिवृत्‍त मध्‍यप्रदेश होमगार्ड डीजी तथा पंजाब पुलिस महानिदेशक के.एस. ढिल्‍लन का दिल्‍ली में दिनांक 25 सितंबर को रात्रि में ह्दयघात के कारण निधन हो गया। पार्थिव देह को 26 सितंबर की रात्रि को भोपाल लाया जायेगा। स्‍वर्गीय ढिल्‍लन की अंतिम यात्रा उनके निवास ई-5/85 अरेरा कालोनी से प्रात: 10:30 बजे निकलेगी तथा अंतिम संस्‍कार सुभाष नगर विश्राम घाट में दोपहर 12 बजे किया जायेगा। पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्‍ला ने ढिल्‍लन के निधन पर गहरा शोक व्‍यक्‍त किया है।
पंजाब के मूल निवासी वर्ष 1929 को जन्‍में के.एस.ढिल्‍लन मध्‍यप्रदेश कैडर के 1953 बैच के आईपीएस अधिकारी थे। कृपाल सिंह ढिल्‍लन जुलाई 1984 से अगस्‍त 1985 तक पंजाब में पुलिस महानिदेशक रहे। मध्‍यप्रदेश में होमगार्ड पुलिस महानिदेशक रहे जबलपुर एवं ग्‍वालियर संभाग के उप पुलिस महानिरीक्षक तथा भोपाल एस.ए.एफ में सहायक पुलिस महानिरीक्षक के पद पर रहे। इसके अलावा ढिल्‍लन अपने सेवाकाल में म.प्र. के रीवा, खरगौन, भिलाई, सागर, मुरैना, दमोह एवं भोपाल जिले में एस.पी. एवं छतरपुर एवं रीवा जिले में ए.एस.पी. के पद पर भी रहे। ढिल्‍लन दिनांक 31 जनवरी 1987 में सेवानिवृत्‍त हुये।
ढिल्‍लन बहुआयामी प्रतिभा के धनी थे। वे बरकतउल्‍लाह विश्‍वविद्यालय के वाईस चांसलर भी रहे। उन्‍होने कई पुस्‍तकें भी लिखी जिनमें identity and survival- sikh militancy in india(1978-93) काफी चर्चा में रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *