राहुल ने साझा की कैलाश की तस्वीर, लिखा भाग्य से मिलता है बाबा का आशीर्वाद

नई दिल्ली,चीन स्थित कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर गए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ट्विटर के जरिए लगातार कैलाश से तस्वीरें साझा कर रहे हैं। गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कैलाश मानसरोवर की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा इस विशालकाय पर्वत की शरण में आना सौभाग्य की बात है। कांग्रेस अध्यक्ष ने बुधवार को भी इससे जुड़ा ट्वीट किया था। राहुल ने लिखा था कि एक इंसान तभी कैलाश जाता है, जब उसे बुलावा आता है। मैं काफी खुश हूं कि मुझे यह मौका मिला है, जो भी मैं यहां देखूंगा वह आपके साथ साझा करने की कोशिश करूंगा।राहुल गांधी के नेपाल दौरे पर विवाद भी हुआ। सोशल मीडिया पर लगातार इस बात की चर्चा होने लगी कि राहुल ने नेपाल में यात्रा के दौरान ही नॉनवेज खाया था। दरअसल, नेपाल पहुंचकर राहुल गांधी ने काठमांडू के आनंद भवन स्थ‍ित वूटू फूड बुटिक में खाना खाया। राहुल गांधी के इसी खाने पर विवाद हो गया। नेपाली मीडिया में खबर छपी कि राहुल गांधी ने नॉनवेज यानी मांसाहारी खाना खाया था। हालांकि, बाद में होटल की तरफ से सफाई भी दी गई थी। सफाई में कहा गया था कि राहुल गांधी को किसी तरह का नॉनवेज खाना नहीं परोसा गया था। गौरतलब है कि राहुल गांधी की कैलाश मानसरोवर यात्रा 12 दिन की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *