नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज ,साल में दो बार रचाई शादी, दोनों बार दुल्हनें गहने लेकर हुईं चंपत

जींद, दूसरे राज्यों से लड़कियां लाकर हरियाणा में शादी रचाने वाले गिरोह ने जींद के पिंडारा गांव के एक युवक की सालभर में दो शादियां रचवाई। दोनों बार दुल्हनें शादी के गहने लेकर चंपत हो गईं। हैरानी की बात यह है कि गिरोह के सरगना ने लाखों हड़प कर ये शादियां रचवाई थीं। पहली पत्नी 43 दिन रही तो दूसरी पत्नी महज 27 दिन रही। दोनों शादियों के नाम पर लगभग सात लाख रुपये ऐंठ लिए गए। पुलिस को शिकायत दी तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार अदालत का सहारा लिया गया। अदालत के आदेश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, फर्जी कागजातों का सहारा लेने, बिना तलाक लिए दूसरी शादी रचाने, दूसरों की इज्जत से खिलवाड़ करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पिंडारा निवासी हरिकृष्ण ने अदालत में याचिका दायर कर कहा कि 2016 में उसका संपर्क शिवपुरी कॉलोनी निवासी सेवा देवी और उसके बेटे रवि कुमार से हुआ। दोनों ने उसके बेटे अनिल की शादी करवाने का जिक्र किया। दोनों की बातों में आकर उसने हामी भर दी।
13 जुलाई, 2016 को उसके बेटे रवि की शादी लुधियाना निवासी एक लड़की से कराई गई। दो महिलाओं और एक व्यक्ति ने खुद को उसका भाई बताते हुए अच्छी खासी रकम ऐंठ ली। पहली दुल्हन 33 दिन एक बार और दबाव के बाद दस दिन दूसरी बार रही और गहने लेकर फरार हो गई। कुछ समय के बाद उसके बेटे अनिल की शादी दोबारा पंजाब निवासी एक महिला से कराई गई। दूसरी पत्नी 27 दिन तक गांव पिंडारा में रही। रक्षाबंधन पर कथित मायका जाने के बाद वह फिर वापस नहीं लौटी। दोनों शादियों के नाम पर उससे लगभग सात लाख रुपये ऐंठ लिए गए। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *