साउथम्प्टन,भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की सीरीज के 30 अगस्त से साउथम्प्टन में होने वाले चौथे टेस्ट मैच में ऑलराउंडर आर अश्विन नहीं खेल पायेंगे। ऑलराउंडर आर अश्विन ग्रोइन इंजरी से जूझ रहे हैं और इसके चलते उन्हें चौथे टेस्ट से बाहर बैठना पड़ सकता है। टीम रिपोर्ट के मुताबिक अश्विन चौथे टेस्ट में खेलेंगे या नहीं इसका फैसला मैच से पहले ही हो पाएगा। अगर अश्विन बाहर होते हैं तो उनकी जगह रविंद्र जडेजा को प्लेइंग इलेवन में खिलाया जा सकता है। अश्विन तीसरे टेस्ट में भी बहुत सहज नजर नहीं आए थे और महज एक ही विकेट ले पाए थे। पहली पारी में उन्हें महज एक ओवर करने का मौका मिला था, जबकि दूसरी पारी में 22.5 ओवर में उन्होंने एक विकेट लिया था। अश्विन चौथे टेस्ट में खेलेंगे या नहीं इस पर फैसला तभी लिया जा सकेगा, जब टीम इंडिया प्रैक्टिस में जुटेगी। रविंद्र जडेजा को अभी तक एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। पहले टेस्ट में भारत एक स्पिनर के साथ ही खेला था, जबकि दूसरे टेस्ट में दो स्पिनरों में अश्विन के साथ कुलदीप यादव का नाम शामिल था। कुलदीप फिलहाल टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं, ऐसे में अगर अश्विन बाहर होते हैं, तो जडेजा का टीम में शामिल होना तय माना जा रहा है।
ग्रोइन इंजरी के चलते चौथे मैच में नहीं खेल पाएंगे अश्विन