नईदिल्ली,भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपाध्यक्ष अमित शाह ने बैठक कर 2019 की चुनावी रणनीति पर चर्चा की इसमें इसी साल हो रहे चार राज्यों के चुनाव पर भी विचार विमर्श किया गया. बैठक में की गई चर्चा के बारे में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए रमण सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री परिषद की बैठक में 2019 का लोक सभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में लड़ने और पिछली बार से अभी अधिक बहुमत के साथ केंद्र में एक बार पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया गया।
सिंह ने कहा कि इस बार की बैठक में हमें त्रिपुरा और नागालैंड के रूप में नए साथी मिले हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में भी हम बहुमत के काफी करीब रहे और हमारे वोट प्रतिशत और सीटों की संख्या में काफी वृद्धि हुई, कर्नाटक की जनता का हमें भरपूर समर्थन मिला।
रमण सिंह ने कहा कि बैठक में केंद्र सरकार द्वारा लिए गए कई ऐतिहासिक निर्णयों पर चर्चा की गई जिसका समग्र राष्ट्र की जनता ने स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में लागत मूल्य के डेढ़ गुना से अधिक की वृद्धि किसानों की आय को दुगुना करने एवं उनके जीवन स्तर को उंचा उठाने की दिशा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर मोदी सरकार ने देश के पिछड़े वर्ग को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है, साथ ही एससी/एसटी वर्ग के अधिकार की रक्षा हेतु भी केंद्र सरकार ने ठोस कदम उठाये। उन्होंने कहा कि एनआरसी पर पार्टी का स्पष्ट मत है कि विदेशी घुसपैठियों का देश में कोई स्थान नहीं है और इन्हें चिह्नित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैठक में सिटिजन अमेंडमेंट बिल एवं फास्ट ट्रैक कोर्ट पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि 2019 में भारतीय जनता पार्टी सभी को साथ लेकर बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
भाजपा की बैठक में 2019 पर चर्चा,गावों पर होगा फोकस