जकार्ता,एशियाई खेलों के दसवें दिन भारत को तीरंदाजी में पहला रजत पदक महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने दिलाया। मुस्कान किरण, मधुमिता कुमारी और ज्योति सुरेखा की भारतीय महिला कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने कोरियाई टीम को कड़ी टक्कर दी और पहला सेट 59-57 से जीता, पर दूसरे सेट में भारतीय महिलाएं दो अंक पिछड़कर 56-58 से हार गयी। खेल के चौथे और अंतिम सेट में यह तिकड़ी अपना प्रदर्शन बरकरार नहीं रख सकी और उसे दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
तीसरा सेट भी रोमांचक रहा जिसमें दोनों टीमें 58-58 की बराबरी पर रहीं। चौथे निर्णायक सेट में कोरियाई टीम काफी आत्मविश्वास में दिखाई दी और उसने शुरूआत में ही दो परफेक्ट 10 के साथ 20-0 की बढ़त बना ली।
भारतीय खिलाड़ी मुस्कान किरण ने पहले दो तीरों पर 9-9 के शॉट लगाए। तीसरे शॉट पर परफेक्ट 10 से भारत को कुछ राहत मिली पर अगले दो तीरों पर 8 और 9 के शॉट से स्वर्ण उसके हाथ से फिसल गया। आखिरी तीर पर ज्योति सुरेखा ने 10 का स्कोर किया और भारतीय टीम को यह सेट 55-58 से हार के साथ ही स्वर्ण की जगह रजत से ही संतोष करना पड़ा।
उधर,पुरुष मुकाबले में मुकाबला 229-229 से बराबर रहा जिसके बाद पेनल्टी शूट आउट में कोरिया ने भारत को हरा दिया.रजत चौहान,अमन सैनी और अभिषेक वर्मा की जोड़ी इस मुकाबले में एक अंक आगे चल रही थी,लेकिन रिव्यु में कोरिआई खिलाडी का एक अंक बढ़ जाने से मुकाबला बराबरी का हो गया और अंततः कोरिया ने यह मुकाबला स्वर्ण के साथ जीत लिया.
एशियाई खेल के दसवें दिन महिला-पुरुष तीरंदाजों को मिला रजत