भोपाल,पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी को आज यहां लाल परेड ग्राउंड में श्रद्धांजलि सभा में याद किया गया । इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित भाजपा और अन्य दलों के नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी अटलजी को याद किया। शिवराज ने अटलजी के जीवन से जुड़े संस्करण सुनाए। उन्होंने कहा कि अटलजी मुझे विदिशा पति कहते थे ।उन्होंने कहा कि मुझे यह संज्ञा उन्होंने विदिशा सांसद बनने पर दी थी। यहां पर कांग्रेसी नेता भी पहुंचे और अटल जी को श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस नेता सुरेश पचौरी ने भावुक होते हुए कहा कि अटलजी के जाने पर उन्होंने अभिभावक को खो दिया है और देश ने सच्चा सपूत खो दिया है।
10 प्रमुख नदियों में प्रवाहित होंगी अस्थियां
वाजपेयी की अस्थियां मध्यप्रदेश की 10 प्रमुख नदियों में प्रवाहित की जाएंगी। नर्मदा नदी में अस्थि प्रवाहित करने के लिए जाने वाली यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह शामिल होंगे। राज्य में जिन नदियों में अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को प्रवाहित किया जाएगा, उनमें नर्मदा, क्षिप्रा, ताप्ती, चम्बल, सोन, बेतवा, पार्वती, सिंध, पेंच और केन शामिल हैं। नौ नदियों के लिए अलग-अलग अस्थि कलश यात्राएं 23 अगस्त को सुबह आठ बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय, भोपाल से एक साथ रवाना होंगी। सिर्फ चंबल नदी को जाने वाली अस्थि कलश यात्रा ग्वालियर से 22 अगस्त को प्रारंभ होगी। अस्थि कलश यात्राओं के लिए पार्टी के प्रदेश कार्यालय ने पूरा कार्यक्रम तैयार कर लिया है।
25 को नर्मदा में करेंगे अस्थि विसर्जन
अस्थि कलश लेकर सांसद राकेश सिंह दिल्ली से 22 अगस्त को विशेष विमान से दोपहर भोपाल आएंगे। स्टेट हैंगर से प्रदेश कार्यालय तक मार्ग में स्थान-स्थान पर श्रद्धासुमन अर्पित किए जायेंगे। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह 25 अगस्त को एक अस्थि कलश नर्मदा नदी में विसर्जित करेंगे। होशंगाबाद के लिए नर्मदा नदी की यात्रा मण्डीदीप, ओबेदुल्लागंज, बुधनी होते हुए नर्मदा तट होशंगाबाद पहुंचेगी। यात्रा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह शामिल होंगे।