मुरैना,बंद के अभियान को लेकर प्रशासन की व्यवस्थाएं चाकचौबंद रहीं। हर गली चौराहे पर पुलिस बल तैनात था। वहीं दूसरी तरफ किसी भी राजनैतिक व सामाजिक व्यक्तियों का एजीटेशन भी सामने नहीं आया। सामान्यत: मुरैना के बाजार खुले रहे और शांति पूर्वक लोग अपनी दिनचर्या को चलाते रहे। वहीं प्रशासन व पुलिस की मुस्तैद के कारण सुबह से ही बाजार में पुलिस का कड़ा पहरा नजर आया। वहीं बाजार भी अधिकांशत: खुला ही रहा पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी बाजारों में गश्त लगाते नजर आये। कथित भारत बंद को देखते हुए कल शाम फ्लेग मार्च भी निकाला । शहर में धारा 144 लागू रही, चार से अधिक लोगों को एक साथ बैठे देख पुलिस ने उन्हें सख्त हिदायत भी दी। शहर के थानों के अलावा 300 से अधिक जवान शहर के चौराहों सहित बाजारों में तैनात दिखे। शहर की संवेदनशील बस्तियों में स्थाई पीकेट लगाकर पुलिस जवानों को तैनात किया गया। हालांकि आज शहर के अधिकांश स्कूल व कॉलेज बंद रहे। वहीं अधिकांश युवा भी अपने घरों पर ही मौजूद रहे। सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी प्रशासन का सहयोग किया और उन्होनें भी इस दौरान शांति बनाये रखने की अपील लोगों से की। हालांकि पिछली बार दो अपैल की तरह इन्टरसेवाएं बंद नहीं की गईं। जिसके कारण लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं हुई। वहीं मौहल्लों सहित बाजारों में दुकानें खुली रहीं । हालांकि रोज की अपेक्षा आज बाजार में भीड़ कम ही नजर आई। पुलिसकर्मी भी आम लोगों के साथ सालीनता से पेश आए। वहीं सोशल मीडिया पर भी पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर रही।
शांति पूर्ण रहा मुरैना, प्रशासन की व्यवस्थाएं रही चाकचौबंद