सावन की पहली झमाझम,एक इंच बारिश से शहर के कई इलाके जलमग्न

जबलपुर,लंबे इंतजार के बाद सावन का एक हफ्ता बीत जाने पर शाम को बादल झमाझम बरसे। कल दिन भर उमस भरी गर्मी रही और बीच.-बीच में रिमझिम बारिश हुई। शाम 5.30 बजे के बाद एक घंटे तक झमाझम बारिश का दौर जारी रहा। इस दौरान करीब एक इंच बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश और बंगाल की खड़ी में बने चक्रवात की वजह से मानसूनी बादल मध्यप्रदेश में सक्रिय हो गए। अगले 24 घंटों के दौरान संभाग के कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
सोमवार को सुबह से आसमान पर बादलों की ओट से सूर्यदेव भी झांकते रहे। दोपहर में एक बार हल्की बारिश हुई, मौसम खुल गया। शाम को फिर झमाझम बारिश हुई। इस दौरान सिविक सेंटर, गोलबाजार, चेरीताल, बल्देवबाग, दमोहनाका से मिलौनीगंज मार्ग, समता कालोनी, अग्रवाल कालोनी, मदनमहल अंडर ब्रिज, गुप्तेश्वर, कृपाल चौक, कांचघर कालोनी, भानतलैया, रद्दी चौकी, अधारताल, जयप्रकाश नगर आदि निचले इलाकों में दो से तीन फुट तक पानी भर गया। अंधेरदेव, मुकादमगंज, गुरंदी बाजार, प्रिंस स्ट्रीट इलाके में भी कमोवेश जल प्लावन के ऐसे ही हालात रहे।
स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंगाल की खाड़ी से पानी की खेप लेकर बादल चल चुके हैं। अगले 24 घंटों बाद यहां पहुंचेंगे। तब सावन की झड़ी लग सकती है। फिलहाल हल्की बारिश का दौर बीच-बीच में चल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान नगर का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस सामान्य और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *