दतिया, सोमवार को सुबह ग्राम हिनौतिया में पुरानी रंजिश पर मुकेश यादव की गोली मारकर हत्या करने के मामले में सोनागिर पुलिस ने जंगल में सर्चिंग कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से एक लाइसेंसी बंदूक भी जब्त की गई है। पकड़े गए आरोपियों से हत्याकांड को लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार सोमवार को सुबह साढ़े सात बजे हिनौतिया निवासी मुकेश अपने मां सुधा व पिता महेश के साथ खेत पर जा रहा था। तीनों घर से 50 मीटर की दूरी पर ही पहुंचे थे कि दीवार की ओट में छिपकर खड़े फरारी बदमाश दिनेश ठाकुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुकेश के साथ मारपीट की फिर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में एसपी मयंक अवस्थी ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया था।
घटना के तत्काल बाद सोनागिर पुलिस ने थाना प्रभारी भूमिका दुबे के साथ जंगलों में सर्चिंग की। पुलिस ने सर्चिंग के दौरान फरार आरोपी राजू पुत्र अगर सिंह ठाकुर, मदन पुत्र चतुर सिंह ठाकुर, देवेंद्र सिंह उर्फ राजू पुत्र अगर सिंह गौतम, बाबा उर्फ सुखवेंद्र सिंह पुत्र लाखन सिंह ठाकुर को सोटेश्वर घाट के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनील ठाकुर से पुलिस ने लाइसेंसी 12 बोर बंदूक व दो जिंदा राउंड व दो खोखा जब्त किए हैं।