26 बार ट्रैफिक नियम तोड़ा वाहन जब्त,अब लायसेंस निरस्त करने की तैयारी

इंदौर, एक शख्स ने 26 बार ट्रेफिक का नियम तोड़ा उसे ट्रैफिक पुलिस ने फोन कर बुलाया और बाद में उसका वाहन जब्त कर लिया। अब उसका लायसेंस निरस्त होगा।
ट्रैफिक पुलिस इन दिनों उन लोगों को ढूंढ़ रही है जो बार-बार नियम तोड़ते हुए कैमरे में कैद हो रहे हैं मगर चालान नहीं भर रहे हैं। ऐसे ही एक चालक को पुलिस ने बुलाकर गाड़ी जब्त कर ली। शांति नगर के योगेश राठौर की मोटर सायकल (एमपी-०9-क्यूएक्स-4259) के 26 चालान निकल चुके हैं। बार-बार कैमरे में नियम तोड़ते राठौर कैद हो रहे थे, मगर ई-नोटिस के बाद भी जुर्माना नहीं भर रहे थे। इस पर ट्रैफिक एएसपी प्रशांत चौबे ने सब इंस्पेक्टर सुमित बिलोनिया को सारे नोटिस एक साथ तामिल करवाने के साथ ही गाड़ी जब्त करने को कहा। बिलोनिया नोटिस लेकर शांति नगर पहुंचे तो पता चला कि राठौर ने यहां से घर खाली कर दिया है। कहां रहने गया है अड़ोस-पड़ोस वालों को भी नहीं पता था। इस पर बिलोनिया ने राठौर का मोबाइल नंबर ढूंढ़ निकाला। मोबाइल पर फोन कर राठौर को चालान का बताया तो इनकार कर गया कि उसके कभी कोई चालान नहीं बना है और वह नियम भी नहीं तोड़ता है। बिलोनिया ने राठौर को थाने बुलाया तो आने को तैयार नहीं हुआ। मानमनुहार के बाद आजाद नगर थाने बुलाया। यहां भी चालान देख अकड़ने लगा और मां को बुला लिया। पुलिस दोनों को ट्रैफिक कट्रोल रूम लेकर गई और टीवी पर चालान का फोटो बताया, जिसमें राठौर और उसकी गाड़ी नियम तोड़ते साफ नजर आई। इस पर राठौर ठंडा पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस ने गाड़ी जब्त कर ली है। सब इंस्पेक्टर बिलोनिया का कहना है कि राठौर का लायसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को चिट्ठी लिख दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *