आठनेर,बैतूल जिले के आठनेर में तीन दिन से लापता युवक सुमित लहरपुरे की लाश मिलने के बाद नगर में तनाव के हालात हैं। सुमित की हत्या का आरोप लगाते हुए ग्रामीण सुबह से सड़क पर उतरकर विरोध जता रहे हैं। दोपहर में ये विरोध हिंसक हो गया और नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम के बाद तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। ग्रामीणों ने शराब की दो दुकानों को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं भीड़ ने पुलिस पर भी पथराव किया। इसमें मुलताई के एसडीओपी सहित अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने हल्का बल प्रयोग किया। हालात बेकाबू होने के बाद प्रशाशन ने धारा 144 लगा दी है। कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे हैं।
भैसदेही एसडीओपी पीएस ठाकुर ने बताया कि पथराव में मुलताई के एसडीओपी अनिल कुमार शुक्ला को गंभीर चोट आई है। लापता युवक सुमित की लाश बुधवार शाम को ताप्ति घाट के पास मिली थी, जिसके बाद से क्षेत्र में तनाव के हालात बन गए थे। परिजनों ने सुमित की हत्या की आशंका जताई थी। इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं करने पर एसपी ने आठनेर टीआई को बुधवार रात को ही लाइन अटैच कर दिया है। नाराज ग्रामीणों ने बैतूल-आठनेर, आठनेर-भैंसदेही और आठनेर-मुलताई मार्ग पर जाम लगा दिया था। इधर क्षेत्र में तनाव और ग्रामीणों के हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने सुबह ही आठनेर के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी थी।
युवक की मौत के बाद हिंसा, शराब की 2 दुकानें जलाई,एसडीओपी घायल