पुलिस को दाती महाराज के खिलाफ मिले सबूत

नई दिल्ली,राजधानी दिल्ली के छतरपुर स्थित शनिधाम के संस्थापक दाती महाराज पर दर्ज दुष्कर्म के मामले में दो बड़े खुलासे सामने आ रहे हैं। पहला यह कि पीड़ित ने जिन तारीखों में दुष्कर्म होने की बात कही है, उन दिनों में उसके गुरुकुल में होने की पुष्टि हो गई है। पुलिस को इस बाबत सबूत हाथ लगे हैं। दूसरा यह है कि पाली, राजस्थान स्थित गुरुकुल से १२ लड़कियां बीच में ही पढ़ाई छोड़कर चली गई थीं। अपराध शाखा की टीम राजस्थान में छापेमारी कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर लड़कियों ने आश्रम क्यों छोड़ा। ऐसा तो नहीं है कि उन्होंने यह कदम दाती की वजह से उठाया हो।
– पुलिस को क्या लगा हाथ
पुलिस की माने तो एक टीम दो दिन से पाली में छापा मार रही है। इस दौरान गुरुकुल से 12 लड़कियों के आश्रम छोड़ने की बात सामने आई है। पुलिस ने इनमें से दो लड़कियों से संपर्क साध लिया है। एक लड़की ने जानकारी दी कि महाराज की डांट-फटकार की वजह से उसने गुरुकुल छोड़ दिया था। दूसरी लड़की ने बताया कि शादी करने के लिए उसने गुरुकुल छोड़ा था।
गुरुकुल में पढ़ने वाली लड़कियों में से बालिग 33 के बयान दर्ज किए। इस दौरान लड़कियों ने दावा किया कि उनकी गुरुकुल में कभी किसी लड़की से दुष्कर्म नहीं हुआ है।
एक अधिकारी ने बताया कि गुरुकुल में कुल 827 लड़कियां पढ़ती हैं। इनमें पुलिस ने 33 बालिग लड़कियों के बयान दर्ज किए गए हैं। सभी ने बयान में कहा कि गुरुकुल में किसी के साथ दुष्कर्म नहीं हुआ है। छापेमारी में इस बात की पुष्टि हुई कि दुष्कर्म पीड़ित लड़की उन तारीखों (27,28 व 29 जनवरी, 2016) को आलावास स्थित गुरुकुल में उपस्थित थी, जिन तारीखों का जिक्र उसने पुलिस के सामने दिए बयान में किया था। यह सिर्फ एक ही सबूत है, जो पुलिस को मौके से मिला है। इसके अलावा, अब तक पुलिस के पास कोई सबूत नहीं है। इसके साथ-साथ पाली स्थित गुरुकुल से मानव तस्करी के सबूत भी नहीं मिले है। कुछ लोगों ने दाती पर मानव तस्करी के भी आरोप लगाए थे। दिल्ली पुलिस ने बागावास में निर्माणाधीन अस्पताल और आलावास स्थित गुरुकुल में छापेमारी की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *