नई दिल्ली,शराब कारोबारी विजय माल्या की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लांड्रिंग के तहत माल्या के खिलाफ नई चार्जशीट दाखिल की है। माल्या के अलावा उससे जुड़ी दो कंपनियों और अन्य के नाम भी आरोपपत्र में शामिल किए गए हैं। माल्या के खिलाफ राष्ट्रीयकृत बैंकों के समूह से हजारों करोड़ रुपए से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है। ईडी ने विशेष अदालत में मनी लांड्रिंग रोधक कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत चार्जशीट दाखिल की। चार्जशीट के अनुसार माल्या ने लंदन में रजिस्टर अपनी प्राइवेट कंपनी फोर्स इंडिया फॉर्म्युला 1 टीम और अपनी आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किया था। साथ ही माल्या ने फर्जी कंपनी और उनके डमी डायरेक्टर्स की मदद से पैसे इधर से उधर किए और इन पैसों को विदेश भी ले गया था।
चार्जशीट के अनुसार माल्या ने 255 करोड़ बैंक मनी यूके भी डायवर्ट किया था और उसके बाद ये पैसे उसके फ़ॉर्म्युला 1 टीम के अकाउंट में ऐडवर्टाइजिंग और प्रमोशनल एक्स्पेन्डीचर के नाम पर ट्रांसफर कर दिए गए थे। चार्जशीट में यह भी बताया गया है कि 2008 में माल्या ने किंगफिशर एयरलाइन के खाते से 15.9 करोड़ रुपए लोन राशि भी निकाल ली थी और इसे अपनी आईपीएल टीम आरसीबी के खाते में ट्रांसफर कर लिया था। गौरतलब है कि ईडी ने पिछले साल माल्या के खिलाफ पहला चार्जशीट दायर किया था। माल्या इस समय लंदन में हैं। माल्या के खिलाफ पहला चार्जशीट 900 करोड़ रुपए के आईडीबीआई बैंक-किंगफिशर एयरलाइंस ऋण धोखाधड़ी मामले में दायर किया था। ईडी अब तक इस मामले में 9,890 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त कर चुकी है।
माल्या की बढ़ीं मुश्किलें, प्रवर्तन निदेशालय ने दाखिल की नई चार्जशीट