दाती महाराज के राजस्थान आश्रम में दिल्ली पुलिस का छापा

जयपुर,दिल्ली पुलिस की एक टीम एक शिष्या से बलात्कार के आरोपी स्वयंभू बाबा दाती महाराज के राजस्थान स्थित एक आश्रम में छापा मारा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि टीम के साथ बलात्कार पीड़िता भी थी। टीम को दाती महाराज पाली स्थित आश्रम में नहीं मिला था। टीम ने पीड़िता के आरोपों की पुष्टि के लिए आश्रम का निरीक्षण किया। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने टीम द्वारा मांगी गई मदद को उपलब्ध कराया।
महिला ने गत रविवार को दक्षिण दिल्ली में फतेहपुर बेरी पुलिस थाने में दाती महाराज के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद यह मामला अपराध शाखा को स्थानांतरित कर दिया गया था। महिला ने आरोप लगाया है कि दाती महाराज के दिल्ली और राजस्थान स्थित आश्रमों में उसका यौन उत्पीड़न किया गया और उसने अपनी शिकायत में स्वयंभू बाबा के दो पुरुष शिष्यों के भी नाम लिये। दिल्ली महिला आयोग ने हाल में दाती महाराज को गिरफ्तार किये जाने की मांग की थी।
इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने दाती महाराज के खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर जारी किया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वह देश छोड़ नहीं जा पाये। महिला ने पुलिस को बताया कि वह एक दशक से दाती महाराज की एक शिष्या थी लेकिन उसके साथ बलात्कार किये जाने के बाद वह राजस्थान में अपने घर लौट गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *