6 माह के स्थान पर अब हर माह होगी हीरे की नीलामी

भोपाल,मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आज हुई मंत्रि परिषद की बैठक में पन्ना जिले में होने वाली हीरे के नीलामी की अवधि 6 माह के स्थान पर प्रतिमाह करने का निर्णय लिया गया है। पन्ना की विधायक एवं पीएचई मंत्री सुश्री कुसुम सिंह महदेले की पहल पर हुए इस निर्णय से हीरा जमाकर्ताओं की वर्षों से लंबित मांग पूरी हो जायेगी। अब भविष्य में उथली खदानों से प्राप्त हीरा जमा करने के बाद जमाकर्ता को हीरा के अनुमानित मूल्य की 50 प्रतिशत राशि या एक लाख रूपये जो भी कम हो, तत्काल दे दी जायेगी।
इसके पहले हीरा जमाकर्ताओं को हीरे की अनुमानित मूल्य का 30 प्रतिशत या मात्र 10 हजार रूपए ही देने का प्रावधान रहा है। शासन के इस निर्णय से पन्ना जिले के लगभग 20 हजार ऐसे परिवार को लाभ मिलेगा, जिनका मुख्य व्यवसाय उथली खदानों से हीरा संग्रहण का रहा है, जो उनकी आजीविका का साधन भी है।
राज्य शासन द्वारा लिए गए निर्णय के अनुसार इस संशोधन के प्रभावशील होने से हीरा जमाकर्ताओं को हीरा जमा करने की तिथि से 7 दिन के भीतर राशि का भुगतान हो जायेगा। साथ ही जमा किए गए हीरे की नीलामी अब 6 माह की अवधि के स्थान पर 1 माह के भीतर हो सकेगी। हीरा जमाकर्ताओं की बहुप्रतीक्षित मांग के पूरा होने पर सुश्री कुसुम सिंह महदेले ने मुख्यमंत्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *